फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Shahjahanpur News ›   block pramukh election

ब्लॉक प्रमुख चुनाव : सभी 15 ब्लॉकों में लहराया भाजपा का परचम

Sun, 11 Jul 2021 12:43 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Sun, 11 Jul 2021 12:43 AM IST
विज्ञापन
block pramukh election
शाहजहांपुर। ब्लॉक प्रमुख चुनाव में जनपद के सभी 15 ब्लॉकों में भाजपा ने जीत का परचम फहराया है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतिम चरण में ब्लॉक प्रमुख की 15 में से दस सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। शेष पांच ब्लॉकों भावलखेड़ा, तिलहर, जैतीपुर, सिंधौली और बंडा में शनिवार को दिन में 11 बजे से तीन बजे तक हुए मतदान के परिणाम भी भाजपा की झोली में गिरे। नतीजे घोषित होते ही जीते हुए प्रत्याशियों के समर्थक खुशी से झूम उठे।
विज्ञापन

मतदान के दौरान कानून व्यवस्था की दृष्टि से सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे और ब्लॉक कार्यालयों के बाहर बैरिकेडिंग कर बीडीसी सदस्यों के साथ आने वाले अन्य लोगो को दो सौ मीटर दूर रोक दिया गया। दोपहर 1:30 बजे तक भावलखेड़ा ब्लॉक में 94 प्रतिशत और तिलहर में 78 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि जैतीपुर में 69 में से सिर्फ 26 वोट पड़े। हालांकि बाद में वहां मतदान की रफ्तार तेज हो गयी। अपराह्न तीन बजे से मतगणना शुरू होने के एक घंटे के अंदर सभी ब्लॉकों के चुनाव नतीजे आ गए।
विज्ञापन

भावलखेड़ा में 86 वोटों से जीते राजाराम
भावलखेड़ा ब्लॉक प्रमुख पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा समर्थित राजाराम को 101 मत मिले जबकि सपा समर्थित उम्मीदवार ज्योति कनौजिया को सिर्फ 15 वोट मिल सके। मतगणना में एक वोट निरस्त हो गया, जबकि एक अन्य बीडीसी सदस्य का वोट नहीं पड़ सका। बता दें कि भावलखेड़ा में 118 क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं, जिनमें से 117 ने अपने मत का प्रयोग किया। मतगणना के बाद सपा समर्थित उम्मीदवार ज्योति कनौजिया ब्लॉक कार्यालय गेट से बाहर आ गईं और उन्होंने वोटों की गिनती में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि उनको गेट से बाहर निकाल दिया गया है। इस पर सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां, पूर्व मंत्री अवधश वर्मा, पूर्व मंत्री राममूर्ति वर्मा के पुत्र राजेश वर्मा आदि ब्लॉक कार्यालय के गेट पर इकट्ठा हो गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

इस बीच, वहां से कुछ दूरी पर बैठे प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, विधायक मानवेंद्र सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप यादव, भाजपा के महानगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता आदि भाजपा नेता भी गेट पर पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच बहस होने लगी। बाद में विधायक मानवेंद्र के सुझाव पर सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिस अधिकारियों ने सपा प्रत्याशी को अंदर भेजकर दोबारा मतों की गिनती कराई, लेकिन नतीजा पहले जैसा निकला। भाजपा के महानगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने इसे कार्यकर्ताओं की जीत बताया। भाजपा नेताओं ने नव निर्वाचित ब्लॉक प्रमुख को मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा नेता श्याम बाबू दीक्षित, शरद सिंह, अनूप सिंह, वैभव खन्ना, विनोद कुमार, उमेंद्र सिंह, विनायक कपूर, अखिलेश प्रजापति आदि मौजूद रहे। संवाद
तिलहर में सात वोटों से जीतीं कविता
तिलहर। ब्लॉक प्रमुख चुनाव के कड़े मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी कविता यादव की जीत से आखिरकार भाजपा विधायक रोशनलाल वर्मा अपनी प्रतिष्ठा बचाने में कामयाब रहे। कविता ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा प्रत्याशी राजवती राठौर को सात मतों से हराया।
71 क्षेत्र पंचायत सदस्यों वाली इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी को 39 और सपा उम्मीदवार को 32 मत प्राप्त हुए। विजयी प्रत्याशी कविता भाजपा के युवा कद्दावर नेता अरुण यादव उर्फ चैनू की अनुज बहू हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय सत्यपाल सिंह यादव के परिवार में ब्लॉक प्रमुख पद आने पर परिवार में खुशी का माहौल है। विधायक रोशनलाल वर्मा और पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष जिला चुनाव प्रभारी ब्रज बहादुर पाठक, अरुण यादव चैनू, भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र गुप्ता शहीद पार्टी के तमाम कार्यकर्ता ब्लॉक परिसर में पहुंचे और विजयी प्रत्याशी कविता यादव को फूल मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। बाद में पार्टी कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में सबसे पहले साईं मंदिर पहुंचे। वहां पर पूजा अर्चना की। संवाद
जैतीपुर में सपा से करारी टक्कर में जीतीं सपना
जैतीपुर। ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सपना कश्यप को अपने प्रतिद्वंद्वी सपा समर्थित करुणेश यादव से करारी टक्कर मिली, लेकिन नतीजे उनके पक्ष में रहे और वह सात वोटों से चुनाव जीत गईं। 69 सदस्यीय सीट पर कुल 68 वोट पड़े और उसमें एक वोट निरस्त हो गया। मतगणना में सपा प्रत्याशी को 30 और भाजपा प्रत्याशी को 37 वोट मिले। दोपहर 12 बजे से मतदाताओं का आना शुरू हुआ, लेकिन शुरुआती डेढ़ घटे तक मतदान की गति बहुत धीमी रही। एक बीडीसी सदस्य आखिरी समय में वोट डालने के चक्कर में रह गए। उन्हें अंदाजा ही नहीं लगा कि समय समाप्त हो चुका है। वह सात मिनट देरी से मतदान केंद्र पहुंचे, पुलिस ने उन्हें गेट से वापस कर दिया। बाद में मतगणना के लिए दोनों प्रत्याशियों को अंदर बुलाया गया और कुछ ही देर बाद परिणाम घोषित हो गया। भाजपा प्रत्याशी सपना कश्यप जीत की घोषणा होते ही प्रसन्न मुद्रा में आभार व्यक्त करती हुईं बाहर निकलीं। वहां उनके पति राजीव कश्यप समर्थकों के साथ गाड़ी लेकर पहले से खड़े थे। जीत की नारेबाजी होने पर थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने उन्हें समझाते हुए प्रमाण पत्र लेने को जिला मुख्यालय पर रवाना कर दिया। जीत के बाद कस्बे के एक इंटर कॉलेज में एकत्र हुए भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने नव निर्वाचित ब्लॉक प्रमुख और उनके पति को मालाएं पहनाकर बधाई दी। उधर, चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सपा प्रत्याशी करुणेश यादव ने कहा कि वह सत्ता के दबाव में चुनाव हारे हैं। उन्होंने कहा कि उनके बाबा श्रीराम सिंह पांच बार, पिता सतेंद्र पाल सिंह एक बार और माता ईश्वरवती यादव ब्लॉक प्रमुख रहीं। इस बार भी उनके पास 35 क्षेत्र पंचायत सदस्य थे, लेकिन सत्ता के दबाव में वोटरों को मजबूर किया गया, लेकिन भविष्य में जनता इसका जवाब देगी। संवाद
सिंधौली में 29 वोटों से जीतीं मछला
सिंधौली। ब्लॉक प्रमुख के लिए हुए चुनाव में भाजपा समर्थित मछला सिंह ने सपा की सीमा सिंह 29 वोटों की बढ़त से हरा दिया। मतदान के नियत समय तक कुल मत 68 वोट पड़े। इनमें भाजपा प्रत्याशी को 48 और सीमा सिंह को 19 वोट मिले। एक मत निरस्त हो गया और 20 बीडीसी सदस्य मतदान करने नहीं पहुंचे। मतदान और मतगणना के दौरान पीएसी सहित कई थानों की फोर्स तैनात रही। सीओ और एसडीएम भी मौजूद रहे। दिन में 11:00 बजे सबसे पहले ही सपा प्रत्याशी ने जाकर पहला वोट डाला। बाद में भाजपा प्रत्याशी ने मतदान किया। परिणाम घोषित होते ही सपा प्रत्याशी अपने पति के साथ ब्लॉक से बाहर निकल आईं। उनका कहना था कि उनके कई समर्थक बीडीसी सदस्य वोट डालने नहीं आए। उधर, भाजपा प्रत्याशी की जीत की घोषणा होते ही उनके समर्थक ब्लॉक गेट के पास पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। इस मौके पर सांसद अरुण सागर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश मिश्रा, डीसीबी के चेयरमैन धर्मेंद्र प्रताप सिंह राठौर, भाजपा के सिंधौली मंडल अध्यक्ष सुभाष चंद्र, अवनीश चंद्र, तेजस गुप्ता, सौरभ गुप्ता आदि मौजूद रहे। बाद में भाजपा प्रत्याशी निर्दलीय के तौर पर नामांकन कराने के बाद पर्चा वापस लेने वाली ऋतु सिंह के घर समर्थकों के साथ पहुंचीं और उनका आभार व्यक्त किया। संवाद
बंडा में भाजपा के ओमप्रकाश बने प्रमुख
पुवायां। ब्लॉक प्रमुख पद पर भाजपा और सपा प्रत्याशी के बीच हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी ने सपा प्रत्याशी को 57 वोटों से हराकर विजय प्राप्त की। कुल 85 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में में 82 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। तीन मत निरस्त कर दिए गए।

बंडा में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए भाजपा से ओमप्रकाश और सपा से सुबोध कुमार कनौजिया के बीच मुकाबला था। शनिवार को कई थानों की पुलिस और पीएसी की कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कराया गया। भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश को 68 और सपा प्रत्याशी सुबोध कुमार कनौजिया को 11 वोट प्राप्त हुए। भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश की जीत की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं ने उनको माल्यार्पण कर बधाई दी। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed