अमर उजाला गांव महोत्सव: वित्त मंत्री सुरेश खन्ना बोले- मिट्टी की प्रकृति के अनुसार खेती कर समृद्ध बनें किसान
गांव महोत्सव में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि किसानों को बेहतर उत्पादन के लिए अपनी मिट्टी की क्षमता को जानना आवश्यक है। मिट्टी के मुताबिक खेत में खाद आदि का इस्तेमाल करें। पहले खाद को लेकर किसानों को लाइन लगानी पड़ती थी। भाजपा सरकार में किसानों के लिए अब पर्याप्त खाद उपलब्ध है।
विस्तार
शाहजहांपुर के खिरनीबाग स्थित जीआईसी क्रीड़ा मैदान में आयोजित तीन दिवसीय अमर उजाला गांव महोत्सव का रविवार को समापन हो गया। महोत्सव के अंतिम दिन के मुख्य अतिथि वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि सरकार ने किसानों को मृदा परीक्षण की सुविधा दे रखी है। किसान अपनी मिट्टी की प्रकृति पहचानें। मृदा के मुताबिक फसल बोकर ज्यादा उत्पादन हासिल करें ताकि आमदनी में इजाफा कर समृद्ध बन सकें।
समापन सत्र के मुख्य अतिथि वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मृदा परीक्षण का महत्व समझाया। कहा कि किसानों को बेहतर उत्पादन के लिए अपनी मिट्टी की क्षमता को जानना आवश्यक है। मिट्टी के मुताबिक खेत में खाद आदि का इस्तेमाल करें। पहले खाद को लेकर किसानों को लाइन लगानी पड़ती थी। भाजपा सरकार में किसानों के लिए अब पर्याप्त खाद उपलब्ध है। सरकार ने नैनो यूरिया का तोहफा देकर क्रांतिकारी परिवर्तन लाया है। फसलों की एमएसपी बढ़ाकर किसानों को कम से कम लागत का डेढ़ गुना देकर लाभान्वित किया।
अगर फसल खराब हो जाए तो फसल बीमा योजना के माध्यम से क्षतिपूर्ति कराने का प्रयास किया जाता है। फसल बीमा के तहत पांच हजार करोड़ रुपये का मुआवजा किसानों को दिया जा चुका है। इस साल के बकाये निजी ट्यूबवेल के बिजली बिल को माफ करके सरकार ने किसानों को बड़ी राहत दी है। पिछले सालों के बकाये के लिए सरकार ने ओटीएस की सुविधा दी है। 51 हजार 774 सोलर पंप वर्ष 2023-24 में लोगों को दिए गए। किसानों से संबंधित जितने आयाम हैं, सभी में सरकार ने पूरी क्षमता से काम किया है। अन्य पार्टियों की सरकारों ने गांव और किसानों का ख्याल नहीं रखा।
किसानों को मिल रहा सम्मान निधि का लाभ
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच के कारण आज तकनीक के बेहतर इस्तेमाल से किसानों को सम्मान निधि का पूरा लाभ मिल रहा है। सरकार आज गांवों तक चिकित्सा, सड़क, शिक्षा, बिजली, रोजगार समेत सभी मूलभूत सुविधाओं को पहुंचा रही है। देश को पांच ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए हम तेजी से अग्रसर हैं। सुरेश खन्ना ने मोटे अनाज की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोटे अनाज को श्री अन्न का नाम दिया। इसके उत्पादन से किसानों को लाभ पहुंच रहा है और इस्तेमाल बढ़ने से लोगों का स्वास्थ्य बेहतर हुआ है। गांव के विकास के लिए हर क्षेत्र में अनुसंधान तेजी से चल रहा है।
वित्त मंत्री ने कहा कि कश्मीर और अयोध्या में राममंदिर जैसे मुद्दों को प्रधानमंत्री ने जिस तरह से हल किया, वह अभूतपूर्व है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव ने कहा कि किसानों की भलाई के पंचायत आयोग के गठन की आवश्यकता है।
जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीपीएस राठौर ने कहा कि उप्र में 30 लाख से ज्यादा लोगों को सहकारी समिति का सदस्य बनाया है। शाहजहांपुर में सबसे ज्यादा करीब सवा लाख सदस्य बनाए गए हैं। शाहजहांपुर की करीब 115 समितियों में किसानों को 20 मूलभूत सुविधाएं जैसे खाद, बीज आदि दी जा रहीं हैं। कार्यक्रम के दौरान दिवंगत विधायक मानवेंद्र सिंह के पुत्र अरविंद सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय यादव, लोकसभा संयोजक अरुण गुप्ता, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, सुरेंद्रनाथ वाल्मीकि, सौरभ सोमवंशी, अनिल वाजपेयी बाण आदि मौजूद रहे।
आयोजन के मुख्य सहयोगी हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड, पावर्ड बाई डाबर कूल किंग आयुर्वेदिक ठंडा तेल आदि रहे। इसके अलावा सुमित्रा डीएस मोटर्स, केडी मोटोकॉर्प, कॉमर्शियल टोयोटा, अलीबाबा टेलीकॉम, सिद्धि विनायक होंडा, एनएमटी निसान, आईपीएल बायोलॉजिकल, सॉलिस ट्रैक्टर, वनीत टीवीएस, नंदा ब्रदर्स, शाहजहांपुर नगर निगम, बैंक ऑफ बड़ौदा, बड़ौदा यूपी ग्रामीण बैंक, इंडियन बैंक, वन विभाग, जिला पंचायत, जिला समाज कल्याण विभाग, उपकृषि निदेशक, जिला कार्यक्रम विभाग, जिला उद्यान विभाग, गन्ना विकास विभाग, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, महिला कल्याण विभाग ने भी सहयोग दिया।
बुनियादी सुविधाएं देकर मुख्य धारा से जोड़े गए गांव : अरुण सागर
महोत्सव के प्रथम सत्र के मुख्य अतिथि सांसद अरुण सागर ने सरकार की योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि आज गांवों की सूरत बदल गई है। गांव में बुनियादी सुविधाओं को पहुंचाकर सरकार ने उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है। इससे पहले सांसद ने व्यापारी और सामाजिक संगठनों के साथ ही समाज सेवा में योगदान दे रहे लोगों का सम्मान किया।
तीसरे दिन समापन सत्र का उद्घाटन सांसद अरुण सागर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद सांसद के साथ जलालाबाद विधायक हरिप्रकाश वर्मा ने संगठनों के सदस्यों का स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया। सांसद अरुण सागर ने कहा कि सरकार की सोच में गांव का विकास और किसानों का उत्थान शामिल है। विशिष्ट अतिथि जलालाबाद विधायक हरिप्रकाश वर्मा ने कहा कि आज गांवों में विकास की रोशनी पहुंची है। उज्ज्वला योजना से महिलाओं को चूल्हे के धुयें से राहत मिली है। उन्होंने कहा किभाजपा सरकार में अब खेती-किसानी घाटे का सौदा नहीं रह गया है।
उद्योगपति भी सम्मानित
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सुमित्रा संस के जीएम अनुज कपूर, सिद्धि विनायक होंडा के मैनेजर, केडी मोटोकॉप के कृष्णा अग्रवाल, वनीत टीवीएस के सेल्स मैनेजर दिनेश सक्सेना, आईपीएल बायोकेमिकल्स के एरिया मैनेजर विकास तिवारी, सॉलिस ट्रैक्टर के प्रोपराइटर गगनदीप सिंह को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।