फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Shahjahanpur News ›   धरना-प्रदर्शन के नाम रहा शुक्रवार का दिन

धरना-प्रदर्शन के नाम रहा शुक्रवार का दिन

Fri, 08 Sep 2017 06:51 PM IST
Updated Fri, 08 Sep 2017 06:51 PM IST
विज्ञापन
धरना-प्रदर्शन के नाम रहा शुक्रवार का दिन
शाहजहांपुर। जिले में शुक्रवार का दिन एक तरह से धरना-प्रदर्शन के नाम रहा। विभिन्न समस्याओं और मुद्दों को लेकर कई संगठनों की नारेबाजी से कलक्ट्रेट कैंपस दोपहर तक गूंजता रहा। लखनऊ में लाठीचार्ज के विरोध में शिक्षा प्रेरकों ने रैली निकाली और आशा कार्यकत्रियों ने प्रदर्शन कररके राज्य कर्मचारी का दर्जा मांगा। नलकूप विभाग के तकनीकी कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर 15 सूत्री मांगों पर अफसरों का ध्यानाकर्षण किया तो सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र में रहने वाले मां-बेटे ने दबंग द्वारा ठगी गई रकम दिलाने को धरना दिया।
विज्ञापन

शिक्षा प्रेरकाें ने मनाया काला दिवस
आदर्श लोक शिक्षा प्रेरक वेलफेयर एसोसिएशन से जुड़े शिक्षा प्रेरकों ने लखनऊ में हुए लाठी चार्ज के लिए सीधे तौर पर प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए खिरनीबाग के जीआईसी ग्राउंड से रैली निकालकर साक्षरता दिवस को काला दिवस के तौर पर मनाया। कलक्ट्रेट में प्रदर्शन के बाद संगठन का शिष्टमंडल जिलाध्यक्ष जनमेजय सिंह यादव के नेतृत्व में एसडीएम रामजी मिश्रा से मिला और उन्हें मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर घायल शिक्षा प्रेरकों के इलाज की समुचित व्यवस्था कर उन्हें आर्थिक सहायता दिए और दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में आरती देवी, संध्या कुमारी, रवि कुमार, शिवानी सिंह, संगीता यादव, विजय प्रताप सिंह, रजनी यादव, राहुल कुमार आदि शामिल रहे।
विज्ञापन

नलकूप कर्मियों ने कहा भरे जाएं खाली पद
शाहजहांपुर। ट्यूबवेल टेक्निकल इंपलाइज एसोसिएशन से जुड़े नलकूप विभाग के तकनीकी कर्मचारियों ने संगठन के प्रांतीय आह्वान पर पुवायां रोड स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। बाद में उनका समूह कलक्ट्रेट पहुंचा और वहां भी नारेबाजी करके मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। ज्ञापन में विभिन्न संवर्गों के रिक्त पदों पर तकनीकी स्टाफ को पदोन्नतियां देने सहित अन्य कई मांगों का उल्लेख किया गया है। संगठन के जिलाध्यक्ष अशोक यादव के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में अवनि द्विवेदी, अशोक कुमार, अखिलेश कुमार, महेंद्र पाल सिंह, रघुराज गंगवार, अरविंद आर्य, साजिद परवेज, राजपाल वर्मा आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

आशा बहुआें ने मांगा राज्य कर्मियों सा वेतन
शाहजहांपुर। स्वास्थ्य विभाग की आशा कार्यकत्रियों ने राज्य कर्मचारियों का दर्जा और उसी के अनुरूप वेतन भुगतान की मांग को लेकर आरती यादव के नेतृत्व में कलक्ट्रेट जाकर आवाज उठाई। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम रामजी मिश्रा को दिए ज्ञापन में कहा कि उनसे तमाम विभागीय काम लेकर मेहनत कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही, लेकिन मानदेय सिर्फ एक हजार रुपयसे प्रतिमाह दिया जा रहा जो कि अक्सर पूरा नहीं मिलता। उन्होंने मांग पूरी नहीं होने पर प्रदेश स्तर पर आंदोलन छेड़ देने की चेतावनी दी। प्रदर्शन में राकेश कुमारी, विजय लक्ष्मी, रीना शुक्ला, किरन देवी, मिथिलेश, वंदना, सुधा देवी, प्रीति, सुनीता देवी आदि शामिल रहीं।
हड़पी रकम दिलाने को मां-बेटा का धरना
शाहजहांपुर। सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव नागरपाल निवासी बुजुर्ग रेशमा देवी ने गांव में ही रहने वाले दबंग द्वारा जमीन का बैनामा कराने के बाद हड़पी गई 84 हजार रुपये की धनराशि दिलाने की मांग को लेकर अपने बेटे अजय कांत के साथ कलक्ट्रेट में धरना दिया। उन्होंने डीएम के नाम दिए ज्ञापन में कहा गया कि दबंग तमाम लोगों की जमीन हड़पकर करोड़पति बन चुका है। पुलिस की दलाली के चलते वह झूठे मामलों में बंद कराने की धमकी देकर अपने फंदे मेें फंसे लोगों को चुप रहने पर मजबूर कर देता है। रेशमा देवी ने रकम हड़पने वाले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
दंपति ने जमीन पाने को बच्चों समेत दिया धरना
शाहजहांपुर। दबंगों द्वारा हड़पी गई जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग को लेकर निगोही के मोहल्ला हमजापुर में रह रहे तिलहर क्षेत्र के गांव रजुआपुर निवासी रामऔतार ने मूक-बधिर पत्नी और पांच अबोध बच्चों के साथ कलक्ट्रेट में धरना दिया। पीड़ित दंपति ने डीएम के नाम दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि तिलहर क्षेत्र के गांव नरसा नगला में गाटा संख्या 372 पर दर्ज उननकी 0.458 हेक्टेयर जमीन पर पड़ोस के गांव तालबीपुर के कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर धमकाए जाने के बाद वे अपना घर छोड़कर हमजापुर में रहने को मजबूर हैं। उन्हाेंने कब्जे के आरोपियों के नाम-पते देते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की गुहार की।

रोहिंग्या मुसलिमों पर अत्याचार के विरुद्ध प्रदर्शन
शाहजहांपुर। म्यांमार में रोहिंग्या मुसलमानों पर हो रहे अत्याचार और कत्लेआम पर रोक लगाने के लिए बहादुरगंज पचराहा पर वहां के मुसलिम कारोबारियों ने जुमा की नमाज के बाद प्रदर्शन किया। इससे पूर्व, उनका नेतृत्व करते हुए अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की युवा इकाई के जिलाध्यक्ष अनवार खां ने म्यांमार में मौत के घाट उतारे जा रहे रोहिंग्या मुसलमानों के लिए दुआ की। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने म्यांमार के बौद्धों की शांतिप्रियता पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि म्यांमार में महिलाओं को जिंदा जलाने के साथ बाप के सामने बच्चों के सिर काटे जा रहे हैं, लेकिन मानवाधिकार आयोग समेत सभी संगठन चुप्पी साधे हैं। उन्होंने विश्व समुदाय से इस घिनौने कृत्य को रोकने के लिए तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की। प्रदर्शन में इरशाद, जाने आलम, सगीर अहमद, राशिद अली, डॉ. मेराज, आजम खां, शकील, सतीश चंद्र, जयवीर, यूसुफ आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed