माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में इस बार लड़कियों ने बाजी मारी है। हाईस्कूल में जिले का रिजल्ट 85.79 प्रतिशत और इंटर का रिजल्ट 91.22 प्रतिशत रहा। डीआईओएस कार्यालय के वरिष्ठ सहायक विकास सक्सेना ने बताया कि हाईस्कूल में इस वर्ष 53305 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिसमें 46130 परीक्षा में सम्मिलित हुए, 39577 पास हुए और 288 अनुत्तीर्ण घोषित किए गए। परीक्षा में 32102 छात्र पंजीकृत थे, 27268 परीक्षा में शामिल हुए, जिसमें 22401 उत्तीर्ण रहे। इस तरह छात्रों की सफलता का प्रतिशत 82.15 रहा। जबकि परीक्षा के लिए 21203 छात्राएं पंजीकृत थी, 18862 परीक्षा में शामिल हुई, 17173 उत्तीर्ण घोषित की गईं। इस तरह छात्राओं की परीक्षा का प्रतिशत 91.06 रहा। इसी तरह इंटर परीक्षा के लिए 22207 छात्रों ने पंजीकरण कराया था, परीक्षा में 20453 शामिल हुए, 18330 उत्तीर्ण घोषित किए गए। इस तरह लड़कों की सफलता का प्रतिशत 89.62 रहा। इंटर परीक्षा के लिए 15669 लड़कियों ने पंजीकरण कराया था, 14815 परीक्षा में शामिल हुईं, 13842 उत्तीर्ण हुईं। इस प्रकार 93.43 प्रतिशत लड़कियों ने सफलता अर्जित की। श्री सक्सेना ने बताया कि इंटर में कुल 2481 विद्यार्थी ऑनर्स के साथ उत्तीर्ण हुए, 12576 ने प्रथम श्रेणी, 13243 ने द्वितीय श्रेणी और 2024 ने तृतीय श्रेणी में कामयाबी हासिल की। लड़कों की बात करें तो 1386 ऑनर्स के साथ, 6468 प्रथम, 7897 द्वितीय और 1450 तृतीय श्रेणी में सफल हुए। इसी तरह 1095 लड़कियों ने ऑनर्स, 6108 ने प्रथम, 5346 ने द्वितीय और 574 ने तृतीय श्रेणी में सफलता अर्जित की।