संतकबीरनगर। प्रदेश सरकार ने दिव्यांग छात्राओं के शैक्षिक विकास और पुनर्वास के लिए सराहनीय पहल की गई है। मुख्यमंत्री की विशेष रुचि वाली योजना के अंतर्गत स्कूल जाने वाली दिव्यांग छात्राओं को ई-ट्राईसाइकिल दिए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रतिभा यादव ने बताया कि इस कल्याणकारी योजना के अंतर्गत चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद की स्कूल-कॉलेज जाने वाली और नियमित शिक्षण-प्रशिक्षण प्राप्त कर रही दिव्यांग छात्राओं के शैक्षिक पुनर्वास और उनके आवागमन को सुगम बनाने के लिए 65,000 रुपये तक की धनराशि की ई-ट्राईसाइकिल प्रदान की जाएगी। इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए दिव्यांग छात्राओं को संबंधित जनपद के सीएमओ द्वारा निर्गत दिव्यांगता प्रमाण पत्र, न्यूनतम 16 वर्ष की आयु पूर्ण होने के संबंध में साक्ष्य, संबंधित विद्यालय, संस्थान में नियमित रूप से अध्ययनरत अथवा प्रशिक्षण प्राप्त करने का प्रमाण पत्र, परिवार के आयकर दाता न होने के संबंध में आय प्रमाण पत्र, पिछले पांच वर्षों की अवधि में भारत सरकार/स्थानीय निकाय/सांसद निधि/विधायक निधि या अन्य सरकारी स्रोतों से पूर्व में अनुशंसित न होने, लाभ प्राप्त न होने के संबंध में साक्ष्य, आधार कार्ड अथवा यूनिक डिसएबिलिटी आईडेन्टिटी कार्ड और निवास प्रमाण पत्र की आवश्यकता होगी। उन्होंने बताया कि आवेदक समस्त आवश्यक अभिलेखों के साथ अपना आवेदन पत्र आगामी सात कार्य दिवसों के भीतर विकास भवन स्थित दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग में जमा करवा सकती हैं, ताकि समय से पात्रता की जांच कर वितरण की अग्रिम प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके।