संतकबीरनगर। बिजली का संकट अब भी बना हुआ है, जबकि विद्युत निगम लगातार दावा कर रहा है कि बिजली आपूर्ति में सुधार किया जा रहा है। मगहर कताई मिल फीडर से जुड़े क्षेत्रों में शनिवार की पूरी रात बिजली रही, जिसके कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पिछले कई दिनों से बिजली का संकट बना हुआ है। शनिवार की रात करीब 12 बजे मगहर कताई मिल फीडर से जुड़े गड़सरपार, बयारा, निचौरा, सेमरी, बरईपार पैठान, सहसरावमाफी, नहसापार, केरमुआ माफी, चकदही, धरैची आदि क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई। उपभोक्ता पूरी रात बिजली का इंतजार करते रहे, लेकिन बिजली नहीं आई। विद्युत कर्मियों के मुताबिक फाल्ट होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। सुबह करीब दस बजे के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। इस बीच उपभोक्ताओं को उमस भरी गर्मी से जूझना पड़ा। उपभोक्ता धर्मेंद्र कुमार, मनोज कुमार, दिनेश यादव आदि ने बताया कि बार- बार इस क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। इसके बाद भी विद्युत निगम पुराने जर्जर तारों को बदलने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहा है। उपभोक्ताओं ने कहा कि पूरी रात बिजली न रहने से उमस भरी गर्मी से परेशान होना पड़ा। बिजली निगम के अधिशाषी अभियंता रणधीर कुमार ने कहा कि लोकल फाल्ट के चलते समस्या आई थी, जिसे ठीक करा दिया गया है और बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।