संभल हिंसा: पोस्टर चिपकाने के 19 दिन बाद मिला तीन उपद्रवियों का सुराग, दाढ़ी और चश्मे वाले शख्स की तलाश
संभल में 24 नवंबर 2024 के बवाल के मामले में चस्पा किए गए 74 उपद्रवियों के पोस्टर में से तीन की जानकारी पुलिस को मिली है। पुलिस उनकी तस्दीक कर गिरफ्तारी की तैयारी कर रही है। एसपी ने बताया कि अन्य आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के जिलों से भी सहयोग लिया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
संभल में 24 नवंबर 2024 को हुए बवाल मामले में कोतवाली पुलिस द्वारा चस्पा किए गए 74 उपद्रवियों के पोस्टर में से तीन उपद्रवियों की जानकारी पुलिस को मिली है। पुलिस आरोपियों के नाम और पते की तस्दीक करने में लगी है। इसके बाद ही आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे। सूचना दिए जाने वाले लोगों को पुलिस द्वारा इनाम भी दिया जाएगा।
इसके अलावा पुलिस की टीमें अपने स्तर से भी छानबीन कर रही हैं। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई का कहना है कि आसपास के जिले की पुलिस को भी पोस्टर भेजे गए हैं। उनसे भी सहयोग मांगा गया है। जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुए बवाल में 74 उपद्रवियों के चेहरे सामने आए थे।
इन आरोपियों के नाम और पते की जानकारी पुलिस को नहीं मिली तो 14 फरवरी को पोस्टर चस्पा किए गए थे। 19 दिन बाद तीन उपद्रवियों के बारे में पुलिस को सूचना मिली है। एसपी का कहना है कि जो सूचना मिली है उसकी पुष्टि की जाएगी। यदि बवाल में शामिल होने की पुष्टि होती है तो गिरफ्तार किया जाएगा।
दाढ़ी वाले शख्स की तलाश
जामा मस्जिद के नजदीक भीड़ को उकसाने और आगे बढ़ने का इशारा करने वाले शख्स की पहचान तो अभी तक पुलिस नहीं करा सकी है, लेकिन अब पुलिस की एक्सपर्ट टीम सोशल मीडिया पर भी इस चेहरे को तलाश करने में जुटी है। इस दाढ़ी वाले शख्स ने ही भीड़ को उकसाते हुए आगे बढ़ाया था। मौके पर आरोपी की वीडियो बन गई थी। जिसमें चेहरा भी स्पष्ट है, लेकिन पुलिस इस आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है। माना जा रहा है कि यह आरोपी किसी दूसरे जिले का था। जो बवाल में शामिल होकर भाग निकला।
सूचना तो लगातार मिल रही हैं। तीन उपद्रवियों की पहचान की सूचना भी मिली है, लेकिन पुलिस अपनी जांच पड़ताल पूरी करने के बाद यह स्पष्ट करेगी कि यही आरोपी बवाल में शामिल थे। उसके बाद गिरफ्तार किए जाएंगे। -कृष्ण कुमार बिश्नोई, एसपी, संभल
उपद्रवियों को मदद देने वाले संगठन की जांच की मांग
चंदौसी में हिंदू शक्ति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिमरन गुप्ता ने जमीयत उलेमा ए हिंद द्वारा संभल बवाल में जान गंवाने वाले मृतकों के परिवार को आर्थिक मदद देने की जांच कराने की मांग की है। इस संबंध में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया। सिमरन गुप्ता ने बताया कि 24 नवंबर को संभल में शाही जामा मस्जिद के सर्वेक्षण के दौरान हिंसा में दंगाइयों ने सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया।
कई पुलिसकर्मी घायल हुए। इनमें पांच दंगाइयों की मौत हुई। जिनके परिजनों को जमीयत उलेमा ए हिंद ने लाखों रुपये की मदद दी। कहा कि कई राजनीतिक पार्टी के प्रतिनिधियों ने दंगाइयों के घर जाकर मुलाकात की। उन्हें आर्थिक मदद पहुंचाई। उन सभी नेताओं और संगठनाें की संपत्ति की जांच होनी चाहिए।
इसके अलावा पीएफआई तब्लीगी जमात, ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड, दारूल उलूम देवबंद जैसे मुस्लिम संगठनों के नेताओं ने पिछले समय में कितनी बार मुस्लिम देशों की यात्रा की और पाकिस्तान, बांग्लादेश में बैठे आतंकवादी संगठनों से फोन पर बात करने व इनके बैंक खातों की जांच ईडी, सीबीआई और एनआईए से कराई जाए।