असमोली (संभल)। असमोली थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में रिटायर्ड दरोगा की पुत्रवधू की जलने से मौत हो गई। हादसे के वक्त महिला घर पर अकेली थी और परिवार के लोग दावत में हसनपुर गए हुए थे। महिला के ससुर ने कमरे से धुआं उठता देखा तो वह कमरे तक गए। अंदर झांककर देखा तो महिला जली हुई थी। उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। मायके वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर विवाहिता की हत्या करने का आरोप लगाया है।
असमोली थाना क्षेत्र के ऐंचोड़ा कंबोह गांव निवासी कामेश्वर की पत्नी पिंकी वर्मा (26) शुक्रवार को घर पर थी। बताते हैं कि उसके पति बेटे नख्श और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ हसनपुर में एक दावत में गए हुए थे। पिंकी वर्मा से भी दावत में चलने के लिए कहा गया, लेकिन वह नहीं मानी और घर पर रही। दोपहर में करीब तीन बजे पिंकी ने अपने ससुर के लिए खाना बनाया और खिलवाया। बाद में ससुर बाहर लेट गए और पिंकी अंदर कमरे में लेट गई। बताते हैं कि चार बजे के बाद महिला के ससुर सेवानिवृत्त दरोगा रघुवीर उठे तो कमरे से धुआं निकल रहा था। अंदर जाकर देखा तो पिंकी जली पड़ी थी। इसकी जानकारी उन्होंने फोन पर अपने बेटे को दी। सभी लोग घर पहुंच गए। इस बीच पिंकी वर्मा के मायके वाले भी घर पहुंच गए और ससुराल पक्ष के लोगों पर विवाहिता को मारने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।