संभल। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के संभल-मुरादाबाद मार्ग पर फिरोजपुर पुल के नजदीक मंगलवार की शाम करीब छह बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने शराब फर्म के दो कलेक्शन इंचार्जों को तमंचा दिखाकर लूट लिया।
बैग में करीब छह से सात लाख रुपये बताए जा रहे हैं। बदमाश मोबाइल और बाइक की भी चाबी साथ ले गए। राहगीरों की मदद से पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई भी पहुंच गए और पीड़ितों से घटना की जानकारी ली। पांच टीमों को घटना के खुलासे के लिए लगाया गया है।
शराब फर्म के कलेक्शन इंचार्ज सौरव चौधरी और राजेंद्र भाटी मंगलवार की शाम गांव गुमसानी, हजरतनगर गढ़ी, शाहपुर, सिरसी में स्थित शराब की दुकानों से बिक्री की रकम लेते हुए वापस बाइक द्वारा संभल आ रहे थे। जैसे ही फिरोजपुर पुल के पास पहुंचे तो पीछे से आए स्पलेंडर बाइक सवार दो बदमाशों ने बाइक में टक्कर मार दी। किसी तरह बाइक संभली तो बदमाशों ने रोक लिया। बदमाशों ने कलेक्शन इंचार्जों से रुपयों से भरे बैग के लिए छीनाझपटी और मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने तमंचा दिखाकर लाखों रुपयों का बैग छीन लिया। और संभल की ओर भाग गए।