मुंडन की खुशियां मातम में बदलीं: ट्रैक्टर ट्रॉली से उछलकर सड़क पर गिरीं नानी-नातिन, दोनों की मौके पर मौत
परिजनों के मुताबिक मुंडन के कार्यक्रम से लौट कर घर में दावत का इंतजाम था। इस बीच हादसा हो गया। हादसे नानी-नातिन की मौत से कोहराम मच गया। सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
विस्तार
अपने भाई के बच्चों के मुंडन संस्कार में मायके आई महिला एवं उसकी नातिन की ट्रैक्टर ट्रॉली से नीचे सड़क पर गिरने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम को भेज दिए है। मासूम समेत दो मौतों से परिवार में कोहराम मच गया है।
मुंडन के बाद ट्रैक्टर से वापस जा रहे थे सभी
यूपी के संभल स्थित ग्राम समसपुर गंग के रहने वाले अतर सिंह के दो बच्चों का शुक्रवार को मुंडन संस्कार सांकरा गंगा घाट पर हुआ था। इसमें शामिल होने के लिए अतर सिंह की बहन थाना रजपुरा के पवसरा गांव की रहने वाली रामसनेही (45) पत्नी कुंवर सिंह अपनी तीन वर्षीय नातिन नेहा पुत्री सुनील कुमार के साथ आई थीं। बच्चों का मुंडन संस्कार होने के बाद सभी लोग ट्रैक्टर ट्रॉली से वापस लौट रहे थे।
बेटी की मौत के बाद सुनील का बचा चार माह का बेटा
जलालपुर गांव में मंदिर मोड़ के पास ट्रॉली में सवार रामसनेही व उनकी नातिन नेहा ट्रॉली से उछलकर सड़क पर जा गिरीं और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को लेकर चीख पुकार मच गई। सूचना दिए जाने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बारे में रामसनेही के घर पर भी सूचना दी गई तो परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। सुनील कुमार के दो बच्चों में एक बेटी की मौत होने के उपरांत चार माह का बेटा बचा है। इस घटना को लेकर परिवार में कोहराम मच गया है।
पुलिस का बयान
थाना प्रभारी धीरज सिंह ने बताया महिला एवं बालिका की मौत ट्रैक्टर से गिरने के कारण बताई जा रही है। पीड़ित परिवार से तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों शवों को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मुंडन संस्कार की खुशियां मातम में बदलीं
परिजनों के मुताबिक मुंडन के कार्यक्रम से लौट कर घर में दावत का इंतजाम था। इस बीच हादसा हो गया। हादसे नानी-नातिन की मौत से कोहराम मच गया। सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मुंडन संस्कार की खुशियां मातम में बदल गईं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.