चंदौसी (संभल)। कैलादेवी में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से आगामी विधान सभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया है। जनता से संभल जनपद की चारों सीटों को जिताने का आह्वान किया। बोले, सभल और असमोली विधान सभा को जिताओ , ताकि इस पौराणिक स्थान का पूर्ण रूप से विकास हो सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभल जनपद की जनता से आगामी चुनाव में चारों विधान सभा सीटों को जिताने का आह्वान किया।
उन्होंने मंच पर बैठी राज्यमंत्री गुलाब देवी, जिला प्रभारी मंत्री बलदेव सिंह औलख का नाम लेते हुए कहा कि यह अपने क्षेत्र के साथ ही पूरे प्रदेश को देख रहे हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव, गुन्नौर विधायक अजीत कुमार यादव, विकास के एजेंड़ो को आगे बढ़ा रहे हैं। जनता ने जिले में अधिकांश ब्लाक प्रमुख भी भाजपा को दिए हैं। सीएम ने कहा कि जनता से अपील है कि आगामी विधान सभा में असमोली और संभल को जिताओ, तो जिले का एक साथ संपूर्ण विकास हो सकेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक जनसेवा में लगा हुआ है।