धनारी। थाना क्षेत्र के करेला की मढ़िया गांव में रविवार की रात पति और परिवार के सदस्यों ने महिला को बुरी तरह से पीटा और हाथ पैर बांधकर उसके पिता के खेत में छोड़ आए। दूसरे दिन गेहूं की फसल काटने पहुंचे चाचा ने अपनी भतीजी को बंधन मुक्त किया। महिला ने ससुराल पक्ष के लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी, लेकिन मारपीट के कारण को स्पष्ट नहीं किया।
धनारी थाना क्षेत्र के मझरा करेला के मडै़य्या गांव निवासी मोहन सिंह ने दो वर्ष पहले अपनी पुत्री विमलेश की शादी करीब एक किमी की दूरी पर मौजूद सुल्तानगढ़ गांव निवासी युवक से की थी। इस दौरान पिता ने अपनी हैसियत के हिसाब से शादी में बेटी दामाद को उपहार भी दिए थे। महिला विमलेश का आरोप है कि उसका पति पहले भी शराब पीकर मारपीट करता था। शनिवार की शाम पति, सास, ससुर ने उसकी जमकर पिटाई की और हाथ-पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद उसे उसके पिता के गेहूं के खेत में डाल आए। रविवार की सुबह छह बजे के करीब जब पीड़िता के चाचा भूप सिंह फसल की कटाई करने पहुंचे तो भतीजी को खेत में पड़ा देखा। चाचा ने भतीजी विमलेश को बंधन मुक्त किया और उसे लेकर घर पहुंचे। इस दौरान पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को घटनाक्रम से अवगत कराया। घटना से महिला के पिता को अवगत कराया गया। सोमवार को पिता के घर पहुंचने पर महिला ने ससुराल पक्ष के विरुद्ध थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।