तीतरो (सहारनपुर)। तालाब पर अतिक्रमण के चलते ओवरफ्लो होने के बाद श्मशान घाट की ओर जाने वाले रास्ते पर पानी भर गया है। इससे नाराज महिलाओं ने तहसील प्रशासन के विरुद्ध प्रदर्शन कर व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।
क्षेत्र के ग्राम महंगी के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह कोरी, मुन्नी कोरी, सुशीला, राजकुमारी, सुनीता, पूजा आदि का आरोप है कि गांव के मुख्य तालाब पर अतिक्रमण के चलते जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं हो पाने के कारण गंदा पानी सड़क के बीचोबीच भरा हुआ है। इस कारण शमशान घाट पर अंत्येष्टि के लिए जाने वाले परिवारों को अर्थी को भी ले जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। साथ ही गांव के सैकड़ों लोगों को प्रतिदिन शमशान घाट मार्ग से दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए गुजरना पड़ता है। इससे उन्हें आवाजाही में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं का आरोप है कि विकास खंड के अधिकारियों ने गांव में आकर सुध तक नहीं ली।
उधर खंड विकास अधिकारी डा सीपी सिंह का कहना है कि जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने व तालाब के वास्तविक स्वरूप की जांच के लिए एडीओ पंचायत व ग्राम सचिव को निर्देशित किया गया है। जल्द ही समस्या का निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा।