यूपी: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव बोले- विपक्ष अगर देश व प्रदेश हित में काम करने पर हमें सांप्रदायिक कहता है तो हम हैं सांप्रदायिक
सहारनपुर पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सपा पर जमकर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने योगी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। इसके बाद उन्होंने बूथ नंबर 177 के अध्यक्ष हरिपाल के घर अनुसूचित जाति के लोगों के साथ भोजन किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सहारनपुर पहुंचकर चुनावी शंखनाद कर दिया। उन्होंने सपा जमकर हमला बोला तो केंद्र और प्रदेश की योगी सरकार की उपलब्धि भी गिनवाई।
सरसावा में एक पैलेस में आयोजित प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि विपक्ष भाजपा को सांप्रदायिक बताता है, यदि देश में वंदेमातरम बोलना, भारत माता की जय बोलना, कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना, अपने को हिंदू बोलना यदि सांप्रदायिक है तो हम सांप्रदायिक है। उन्होंने विपक्ष पर हमला करते कहा कि पूर्व की सपा सरकार गुंडों की सरकार थी, लेकिन प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुंडा राज खत्म कर अपराधी तत्वों को जेल भेजने का काम किया है। योगी सरकार ने अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को चलाकर प्रदेश के गरीब मजदूर लोगों सीधा लाभ पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में विपक्ष की सरकार थी, तब पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी ने कहा था कि एक दिन अंधेरा छटेगा सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा, आज उनका वह सपना पूरा हुआ है।
जान की परवाह किए बिना की जनता की सेवा
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कोरोना कॉल में अपनी जान की परवाह किए बिना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना संक्रमित होते हुए भी जनता की सेवा की। लॉकडाउन के दौरान जो लोग दूसरे प्रदेश में फंसे हुए थे, उन लोगों को सुरक्षित घर पहुंचाने का काम किया। जनता के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की गई, जबकि पूर्व की सरकारों में भ्रष्टाचार और अपराधियों का बोलबाला था।
यह भी पढ़ें: कैराना में अमित शाह: पहले पलायन पीड़ित परिवारों से मुलाकात, फिर घर-घर किया प्रचार, तस्वीरों में देखें ये सियासी दौरा
आस्था का भी रखा ध्यान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने सनातन धर्म की भावनाओं का ध्यान रखा। इसके तहत अयोध्या में भव्य श्री राम मंदिर का निर्माण चल रहा है। काशी में भगवान श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का सुंदरीकरण कराया गया। पूरे प्रदेश में सभी मंदिरो का कायाकल्प हुआ। उन्होंने लोगों से वायदा कि भाजपा सरकार सदा राष्ट्र निर्माण में लगी रहेगी।
यह रहे मौजूद
कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जसवंत सैनी, जिला प्रभारी देवेंद्र कुमार शर्मा, जिलाध्यक्ष डॉक्टर महेंद्र सैनी, विधानसभा प्रभारी रामजीलाल कश्यप, विधानसभा संयोजक अजीत राणा, नकुड़ विधानसभा प्रत्याशी मुकेश चौधरी, महामंत्री राधेश्याम शर्मा, जिला मंत्री संजय राणा, अनुज राठी, चेयरमैन विजेंद्र मोगा, धनीराम सैनी, राजू पंडित, मीडिया प्रभारी विपिन चौधरी, सचिन कंबोज, अंकित पंवार, मंडल अध्यक्ष सुशील कंबोज, अमरीश राणा, सुभाष चौधरी, राकेश वर्मा, रामनाथ धीमान मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: मेरठ पहुंचे अमित शाह: सपा पर बोला हमला, जनता को सुनाए क्राइम के आंकड़ें, अखिलेश से मांगा जवाब
हरिपाल के घर किया भोजन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यक्रम के बाद बूथ नंबर 177 के अध्यक्ष हरिपाल के घर अनुसूचित जाति के लोगों के साथ भोजन किया, जिसके बाद रामपुर मनिहारान में भी लोगों से संवाद किया।
प्रत्येक बूथ को जीतने के लक्ष्य के साथ करें कार्य: स्वतंत्र
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि एक-एक बूथ को जीतना है। हमारी सरकारों ने गरीबों को मकान, राशन और इलाज की व्यवस्था की। एक बार फिर योगी आदित्यनाथ को प्रचंड बहुमत के साथ मुख्यमंत्री बनाएं।
शनिवार की देर शाम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने जनमंच सभागार में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में उत्तर प्रदेश की पहचान विकासशील राज्यों के रूप में बनी है। पूर्व की सरकार में उत्तर प्रदेश अपराध और भ्रष्टाचार की वजह से बदनाम था। यहां कोई आना भी पसंद नहीं करता था, लेकिन योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद से उत्तर प्रदेश खुशहाली के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ा है। इसलिए उत्तर प्रदेश को उसका वैभव वापस दिलाने के लिए दोबारा प्रदेश में योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाएं। एक-एक वोट महत्वपूर्ण है। प्रदेश कानून का राज कायम रखने के लिए योगी आदित्यनाथ का मुख्यमंत्री बनना जरूरी है।