Saharanpur: कोहरे के कारण रोडवेज ने चार सेवाओं को किया बंद, 22 बसों का समय और रूट बदला
सहारनपुर में घने कोहरे में हादसों से बचने के लिए परिवहन निगम ने उठाया कदम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोहरे के चलते परिवहन निगम ने अलग-अलग मार्गो की चार बस सेवाओं को बंद कर दिया है, जबकि 22 बसों के समय और उनके मार्गो में बदलाव किया है। इनमें सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, खतौली और छुटमलपुर डिपो की बसें शामिल हैं।
घने कोहरे के मद्देनजर परिवहन निगम की अपर प्रबंध निदेशक अन्नपूर्णा गर्ग ने सभी क्षेत्रीय प्रबंधक को निर्देश जारी किए हैं। जिसमें कहा गया है कि कोहरे में हादसे होने की आशंका रहती है, इसलिए जिन रात्रिकालीन सेवाओं में सवारी कम मिल रही है, उन्हें बंद किया जाए। साथ ही समय सारिणी में बदलाव किया जाए, ताकि बसें दिन में चले। इस आदेश पर क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार ने 60 प्रतिशत से कम लोड फैक्टर वाली रोडवेज बसों को बंद करने, समय में बदलाव और मार्ग में कटौती करने का निर्णय लिया है।
मुजफ्फरनगर और छुटमलपुर डिपो की दो-दो बस बंद कर दी हैं। इनके अलावा सहारनपुर डिपो की आठ, मुजफ्फरनगर डिपो की सात, खतौली डिपो की चार और छुटमलपुर डिपो की तीन बसों के समय में बदलाव व मार्ग को कम किया है।
यह भी पढ़ें: Weather Update : ठंड से ठिठुर रहा पश्चिमी यूपी, कोहरे का कहर जारी, जानिए कब से मिलेगी राहत
ये सेवा हुई बंद
-मुजफ्फरनगर डिपो की बस संख्या यूपी 11 एटी-2654 मुजफ्फरनगर-बिजनौर-लखनऊ
-मुजफ्फरनगर डिपो की बस संख्या यूपी 11 एटी-2582 मुजफ्फरनगर-बिजनौर-लखनऊ
-छुटमलपुर डिपो की दिल्ली-देहरादून
-छुटमलपुर डिपो की सहारनपुर-हरिद्वार मुरादाबाद
इनके समय में बदलाव व मार्ग में कटौती
सहारनपुर डिपो की हरिद्वार-सहारनपुर-जम्मू कटरा, सहारनपुर-लखनऊ वाया बिजनौर, सहारनपुर-मेरठ-आगरा और सहारनपुर-मेरठ-लखनऊ मार्ग की दो-दो बस, मुजफ्फरनगर डिपो की मुजफ्फरनगर-लखनऊ वाया मेरठ मार्ग की तीन, मुजफ्फरनगर-लखनऊ वाया बिजनौर, मुजफ्फरनगर-देहरादून-दिल्ली की एक-एक और मुजफ्फरनगर-दिल्ली-ऋषिकेश की दो बसों का समय सारिणी व रूट में कटौती की है।
इनके अलावा खतौली डिपो की देहरादून-दिल्ली मार्ग की तीन और शुक्रताल-दिल्ली मार्ग की एक बस, छुटमलपुर डिपो की सहारनपुर-मुरादाबाद, हरिद्वार-दिल्ली और देहरादून-दिल्ली मार्ग की एक-एक बस के समय में बदलाव किया है।
कोहरे के कारण मार्गो पर सुरक्षित और नियंत्रित बसों का संचालन बेहद जरूरी है। 60 प्रतिशत से कम लोड फैक्टर के मद्देनजर अलग-अलग रूटों की चार बसों को बंद किया है, जबकि 22 बसों की समय सारिणी व मार्ग में कटौती करने के निर्देश दिए हैं।-अनिल कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम