{"_id":"68382d89f5bcb96241076a57","slug":"saharanpur-religious-place-being-built-without-permission-in-bhojpur-demolished-force-deployed-at-every-nook-2025-05-29","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Saharanpur: भोजपुर में बिना अनुमति बनाया जा रहा धार्मिक स्थल ध्वस्त किया, चप्पे-चप्पे पर तैनात रही फोर्स","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Saharanpur: भोजपुर में बिना अनुमति बनाया जा रहा धार्मिक स्थल ध्वस्त किया, चप्पे-चप्पे पर तैनात रही फोर्स
Thu, 29 May 2025 03:20 PM IST
मोहम्मद मुस्तकीम
अमर उजाला नेटवर्क, सहारनपुर
अमर उजाला नेटवर्क, सहारनपुर
Published by: मोहम्मद मुस्तकीम
Updated Thu, 29 May 2025 03:20 PM IST
सार
गांव में तीन भाई धार्मिक स्थल का निर्माण करा रहे थे। नोटिस दिया गया तो उन्होंने काम रुकवाने पर सहमति जता दी। अब लिंटर डालने की तैयारी चल रही थी। भारी फोर्स की मौजूदगी में निर्माण को ढहा दिया गया।
विज्ञापन
निर्माणाधीन धार्मिक स्थल को ध्वस्त करती जेसीबी।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
चिलकाना के गांव भोजपुर तगा में अवैध रूप से बनाए जा रहे धार्मिक स्थल को जिला प्रशासन एवं पुलिस ने जिला पंचायत के आदेश पर बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। मौके पर एसडीएम सदर, एएसपी, आरआरएफ, पीएसी सहित जिले के कई थानों की पुलिस मौजूद रही। ग्रामीणों ने ध्वस्तीकरण का विरोध नहीं किया। गांव में चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात रही।
विज्ञापन
भोजपुर तगा के इस्तखार, नदीम और एहतेशाम पुत्रगण मुख्तार गांव के बाहरी छोर पर अपनी भूमि पर मस्जिद का निर्माण कर रहे थे। सूचना पुलिस को मिली तो तत्कालीन थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे थे और निर्माण कार्य बंद करा दिया था। निर्माण की जानकारी जिला प्रशासन तथा जिला पंचायत को भी दे दी गई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
जिला पंचायत के अवर अभियंता आदेश कुमार ने बताया कि निर्माणकर्ताओं को जिला पंचायत द्वारा सात मई को बिना अनुमति धार्मिक स्थल बनाने का नोटिस किया गया था। निर्माणकर्ताओं ने जिला पंचायत को निर्माण न करने पर अपनी सहमति दे दी थी। इसके बावजूद यह लोग गुपचुप तरीके से धार्मिक स्थल का निर्माण कर रहे थे। लिंटर डाले जाने की तैयारी की जा रही थी।
बृहस्पतिवार को अचानक गांव में पुलिस की गतिविधियां तेज हो गईं। गांव में जगह-जगह पुलिस नजर आने लगी। दोपहर करीब 12 बजे एसडीएम सदर सुबोध कुमार, एएसपी मनोज यादव, जिला पंचायत के जेई आदेश कुमार सहित अनेक अधिकारी तीन बुलडोजर लेकर निर्माण स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों के आदेश पर निर्माणाधीन धार्मिक स्थल को गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई, जो कि करीब डेढ़ घंटा तक चली।
एसडीएम सदर सुबोध कुमार ने बताया कि बिना अनुमति निर्माण करने पर पुलिस प्रशासन द्वारा 107/16 की कार्रवाई की गई थी। उसके बावजूद निर्माण जारी था। उसी के बाद यह कार्रवाई की गई है।
एएसपी मनोज कुमार यादव ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में आरआरएफ, पीएसी सहित थाना मंडी, थाना कोतवाली देहात, थाना सरसावा, थाना चिलकाना पुलिस तैनात की गई थी। ध्वस्तीकरण का कार्य शांतिपूर्वक संपन्न हो गया।
गांव में किसी तरह का विरोध न हो, इसके लिए प्रशासन ने पहले पूरे गांव में ड्रोन कैमरे से निगरानी की। गांव की गलियों में भारी पुलिस बल तैनात रहा। किसी को भी निर्माण स्थल की तरफ जाने की अनुमति नहीं दी गई। गांव में आने वाले सभी रास्तों पर पुलिस बल तैनात रहा। गलियों में पूरी तरह सन्नाटा छाया रहा।
यह भी पढ़ें...
Meerut: ब्रह्मपुरी में गला दबाकर नवविवाहिता की हत्या, चुपचाप किया अंतिम संस्कार, श्मशान घाट से पति गिरफ्तार
यह भी पढ़ें...
Meerut: ब्रह्मपुरी में गला दबाकर नवविवाहिता की हत्या, चुपचाप किया अंतिम संस्कार, श्मशान घाट से पति गिरफ्तार