UP: पत्नी की बलकटी से वार कर हत्या, फिर खुद भी फंदे पर लटका, चार माह पहले जमानत पर आया था दुष्कर्म का आरोपी
Saharanpur News : एक व्यक्ति ने बलकटी से वार कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई है।
विस्तार
सहारनपुर के नागल क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह एक बड़ी वारदात हो गई। रिश्तेदार की बेटी के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी ने पहले अपनी पत्नी की बलकटी से वार कर हत्या कर दी और फिर खुद भी फांसी के फंदे पर लटक गया।
बताया गया कि घर में ना घुसने देने से क्षुब्ध होकर वह पत्नी और बेटों की हत्या करने के लिए आधी रात को घर पहुंच गया। बेटों को बचाने आई पत्नी की बलकटी से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी भी जान दे दी।
बताया गया कि गांव निवासी सोमपाल (42) पुत्र अतरु चार साल पहले ससुराल पक्ष की बेटी से दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट में जेल चला गया था। करीब चार माह पूर्व उसकी मां ने उसकी जमानत कराई थी लेकिन, छूटने के बाद उसकी पत्नी ने उसे घर में नहीं घुसने दिया। इससे क्षुब्ध होकर रात दो बजे सोमपाल बलकटी लेकर घर में घुस गया। जैसे ही उसने अपने बेटों अनिकेत (17) और सूरज (18) पर हमले का प्रयास किया तो पत्नी कोशल (40) सामने आ गई। इस पर सोमपाल ने कोशल पर बलकटी से वार कर दिया। गर्दन पर बलकटी लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: UP: बिजनौर के श्रमिक इस्राइल में भवनों को देंगे नया आकार, प्रतिमाह वेतन मिलेगा 1.25 लाख,15 हजार बोनस भी मिलेगा
वहीं, बेटों के शोर मचाने पर आसपास में जाग हो गई। जब तक पड़ोसी और पुलिस मौके पर पहुंचती तब तक सोमपाल भी बरामदे में लगे कुंडे से रस्सी के सहारे फंदे पर लटक गया। इससे उसकी भी मौत हो गई। थाना प्रभारी निरीक्षक कुसुम भाटी ने दोनों के शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम पर भिजवाया।
यह भी पढ़ें: Pics: सिर पर सजना था सेहरा पर बलिदान से गम में डूबा गांव, घरों में नहीं जले चूल्हे, CM से 50 लाख-नौकरी की मांग