सहारनपुर। मोहल्ला शिराजान और कुतुबशेर पटरी वाली सड़क बनाने और टूटी पड़ी सड़कों को ठीक कराने सहित अन्य मांगों को लेकर सपा युवजन सभा के प्रदेश सचिव फहाद सलीम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी।
सोमवार को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने वार्ड 44 की टूटी पड़ी सड़कों एवं सीवर लाइन को ठीक कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड क्षेत्र की सड़कें टूटी पड़ी हैं और सीवर लाइन चौक हो गई है। इसके चलते क्षेत्रवासियों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट सिटी के नाम पर बनने वाली कई सड़कें तो तीन दिन में ही टूट रहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुई तो सपा युवजन सभा के कार्यकर्ता नगर निगम कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाएगा। इस दौरान दानिश मालिक, मो. आसिफ, मो. अफजाल, फरीद खान, राव अफजाल, आमिर सिद्दीकी, विश्वजीत गुर्जर, पंकज गुर्जर, राजीव चौधरी आदि मौजूद रहे।