सहारनपुर। मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह ने बुधवार को विकास भवन स्थित कार्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई कर्मचारी गैरहाजिर मिले, जिनके एक दिन के वेतन आहरण पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया है।
निरीक्षण बुधवार को पूर्वाह्न 10:20 बजे से किया गया। विकास भवन में द्वितीय तल पर स्थित लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय में सहायक अभियंता अमित कुमार गौतम सहित पांच कर्मी गैरहाजिर मिले। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय में दो, जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रादेशिक विकास दल कार्यालय में एक, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में तीन, जिला कृषि रक्षा अधिकारी कार्यालय में छह, सहायक निदेशक मत्स्य के कार्यालय में तीन कर्मी अनुपस्थित मिले। मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह ने बताया कि सभी कर्मियों को समय से ड्यूटी पर पहुंचने और अपने पटल पर मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। जो कर्मी निरीक्षण के दौरान गैरहाजिर मिले हैं, उनके एक दिन (18 नवंबर) के वेतन आहरण पर रोक लगाई गई है। इस तरह के औचक निरीक्षण भविष्य में होंगे और गैरहाजिर रहने वालों पर कार्रवाई होगी।