सहारनपुर। प्रदेश के अपर मुख्य सचिव, नगर विकास एवं जनपद के नोडल अधिकारी डॉ. रजनीश दूबे ने कहा कि नगरायुक्त, जल निगम, विद्युत निगम एवं जलकल विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर शीघ्रता से सीवर लाइन का कार्य पूरा कराएं। उन्होंने पुलिस लाइन स्थित सीवर लाइन को गेल द्वारा तोडे़ जाने के बावजूद जलकल विभाग के महाप्रबंधक द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
अपर मुख्य सचिव ने सोमवार को सर्किट हाउस सभागार में सीवर लाइन एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शहर के 70 वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में आईटीसी की शतप्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही गीले और सूखे कूडे़ को अलग अलग रखने के लिए जागरूकता कार्यक्रम किए जाएं। उन्होंने शहर में बनने वाले सोलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का आंकलन पांच दिन के भीतर तैयार कर शासन को भिजवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाइयों से अनेक प्रकार के अपशिष्ट निकलते हैं। जो मृदा प्रदूषण के मुख्य कारक हैं। चीनी मिलों से निकलने वाली खोई, तांबा एवं एल्यूमीनियम प्रगलन संयंत्रों से निकलने वाले खतरनाक रसायन, उर्वरक इकाइयों के अपशिष्ट पदार्थ के लिए भी अधिकारी समुचित कार्रवाई करें। घरों से निकलने वाला कूड़ा एवं सार्वजनिक स्थलों पर एकत्रित कचरा नगर निकायों के लिए भारी समस्या है। इसमें पॉलिथीन, प्लास्टिक, कागज, बोतलें, टिन, ब्लेड, घरों से निकलने वाला कूड़ा आदि शामिल है। कूडे़ का समुचित और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर एस चनप्पा, नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) डॉक्टर अर्चना द्विवेदी आदि रहे।