रामपुर। रामपुर में कोरोना संक्रमण के चलते बंद किए गए खेल मैदान, फिटनेस क्लब और जिम सोमवार सुबह से खुल गए। हालांकि जिम में जाने वालों की संख्या बहुत कम रही। लोग अभी भी घबराए हुए हैं। वहीं स्टेडियम और जिम खुलने से खिलाड़ियों के चेहरे पर रौनक लौट आई। स्टेडियम में खिलाड़ियों ने अभ्यास किया।
शासन ने पांच जुलाई से स्टेडियम, खेल मैदान, स्पोर्ट्स कंाप्लेक्स और जिम खोलने की अनुमति दे दी थी। सोमवार को रामपुर के सभी खेल मैदान गाइडलाइन के साथ खुल गए। वहीं, सिनेमा घर के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ेगा। सिनेमाघर शुक्रवार से खोले जाएंगे। जिलाधिकारी के आदेश पर सोमवार सुबह से खोले गए खेल मैदान, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स और जिम में पहले दिन लोगों की भीड़ कम रही। शहीद-ए-आजम स्पोर्ट्स स्टेडियम बमनपुरी और महात्मा गांधी स्टेडियम हाथीखाना में सुबह से ही विभिन्न खेलों के खिलाड़ी, मॉर्निंग वॉक करने वाले व्यक्ति स्टेडियम में पहुंचना शुरू हो गए थे। शहीद-ए-आजम स्पोर्ट्स स्टेडियम में स्थित जिम में खिलाड़ियों पसीना बहाया। जिम के साथ बैडमिंटन कोर्ट मूवी खिलाड़ियों ने बैडमिंटन खेल कर हाथ आजमाएं। इसके अलावा खिलाड़ियों ने हॉकी, क्रिकेट फुटबॉल आदि खेल का आनंद लिया। मॉर्निंग वॉक के लिए आने वाले लोगों ने भी कसरत की। दो माह बाद खुले स्टेडियम में सोशल डिस्टेंसिंग का अनिवार्य रूप से पालन किया गया। खिलाड़ियों को मास्क पहनकर आने पर ही प्रवेश दिया गया। इन स्थानों पर सैनिटाइजेशन भी किया गया।