रामपुर। राजकीय रजा स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के एक दिवसीय शिविर में छात्रों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्वच्छता रैली निकाली गई। राष्ट्रीय सेवा योजना की चारों इकाइयों द्वारा गोद ली गई मलिन बस्तियों में लोगों को जागरूक किया।
मंगलवार को आयोजित रैली के बाद एक विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ. पीके वार्ष्णेय ने कहा की युवाओं को हमेशा सकारात्मक विचारों से परिपूर्ण होना चाहिए तथा समाज में सकारात्मक कार्य द्वारा अपनी छवि को स्थापित करना चाहिए। राष्ट्रीय सेवा योजना के शिविरों द्वारा छात्रों का बहुमुखी विकास होता है। राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वीके रॉय ने कहा कि राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाएं मिशन शक्ति, चोरी चोरा घटना, सुकन्या समृद्धि योजना इत्यादि को राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवी द्वारा जनसामान्य तक पहुंचा कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इस अवसर पर डॉ. निधि गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य युवाओं को उनकी जिम्मेदारी का एहसास कराना एवं उनके अंदर राष्ट्रीयता की भावना जागृत करना है। संचालन जिला नोडल अधिकारी डॉ. राम कुमार ने किया। वहीं, महाविद्यालय में ‘वैश्वीकरण में भारतीय महिलाओं की भूमिका’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें अभिषेक चौहान प्रथम, आलिया द्वितीय, समरीन तृतीय स्थान पर रहीं।