रामपुर। बिलासपुर एसडीएम के आदेश पर तहसीलदार ने शुक्रवार को राजस्व वसूली अभियान चलाकर तमाम बकायेदारों से करीब 10 लाख रुपये की बकाया धनराशि वसूल की है। एक बकायेदार के घर छोड़कर भागने पर उसके खेत काे कुर्क किया गया। तहसीलदार निश्चय कुमार के अनुसार शुक्रवार को नायब तहसीलदार राजेश कुमार सिंह यादव व दूसरे नायब तहसीलदार सचिन कुमार के नेतृत्व में तो अलग-अलग टीमों का गठन राजस्व वसलूी की गई। दोनों टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर बकायेदारों से राजस्व वसूली की। अभियान के तहत राजस्व कर्मी ग्राम कोठा जागीर में पहुंचे। टीम के अनुसार राजस्व टीम को देखकर एक बकायेदार घर से कूदकर भाग गया। इसके बाद टीम ने उसकी भूमि पर पहुंचकर नीलामी के लिए झंडी लगाने की कार्रवाई की।
इसके बाद टीम कोठा जागीर में ही दूसरे बकायेदार के घर पहुंची करीब 300000 रुपये के इस बकायेदार ने तीन दिन के अंदर बकाया देने का वादा किया। ग्राम परेवा फार्म पर पहुंचने पर मालूम हुआ की बकायेदार दिल्ली गया हुआ है। परिजनों ने शीघ्र ही बकाया अदा कराने की बात कही। ग्राम मुकरमपुर, मुल्लाखेड़ा, गुलड़िया टयूला आदि गांवों में टीमों को देखकर तमाम बकायेदार घर छोड़कर भाग गए। तहसीलदार ने बताया कि शुक्रवार को दोनों टीमों ने करीब 10 लाख रुपये की राजस्व वसूली विभिन्न बकायेदारों से की है। अभियान में कौशल कुमार सक्सेना, विश्व पाल सिंह, हरीश कुमार गंगवार, बाबर खान आदि मुख्य थे।