रामपुर। कश्मीर से आए एक सीआरपीएफ कर्मी समेत चार नए कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सीआरपीएफ कर्मी दो जुलाई को रामपुर के कोठी खासबाग इलाके में आया था और तीन जुलाई को उसका सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजा गया था। इसके साथ ही दस दिन की आइसोलेशन अवधि पूरी करने पर दो लोगों को डिस्चार्ज भी किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने 3 जुलाई को 364 लोगों के सैंपल कोरोना संक्रमण की जांच के लिए भेजे थे। इनमें से 354 सैंपल की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। सीएमओ डॉ. सुबोध कुमार शर्मा ने बताया कि इस रिपोर्ट में चार लोग कोरोना संक्रमित व 350 कोरोना निगेटिव पाए गए हैं। इसके साथ ही पांच लोगों का सैंपल दोबारा भेजना होगा जबकि पांच सैंपल की रिपोर्ट प्रतीक्षारत है। चार नए कोरोना संक्रमितों में एक सीआरपीएफ कर्मी है, जिसकी तैनाती कश्मीर में है। वह दो जुलाई को रामपुर आया था। कोठी खासबाग क्षेत्र में आए इस व्यक्ति का सैंपल तीन जुलाई को ही भेजा गया था, जिसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही एक व्यक्ति की जिला अस्पताल में सर्जरी से पहले कोरोना जांच कराई गई थी। जिसमें वो पॉजिटिव आया जबकि दो लोग चेन्नई से आए थे। नए कोरोना पॉजिटिव पीपल वाली जियारत के निकट पक्का बाग, कोठी खासबाग क्षेत्र, सैजनी नानकार और पत्थरखेड़ा से संबंधित हैं। इसके साथ ही दो लोगों को दस दिन की आइसोलेशन अवधि पूरी करने पर डिस्चार्ज भी किया गया है। जिले में कुल भर्ती संक्रमितों की संख्या 43 है।