{"_id":"678aab194ad2955fb304d343","slug":"dm-is-calling-tb-patients-and-asking-about-their-health-rampur-news-c-282-1-rmp1007-138020-2025-01-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rampur News: टीबी मरीजों को फोन कर हाल पूछ रहे डीएम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rampur News: टीबी मरीजों को फोन कर हाल पूछ रहे डीएम
Sat, 18 Jan 2025 12:40 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Sat, 18 Jan 2025 12:40 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
रामपुर। हेलो, मैं डीएम रामपुर बोल रहा हूं...आप बिलासपुर से यूसुफ (बदला नाम) बोल रहे हैं। आप कैसे हैं...दवाएं हैं, उन्हें नियमित लीजिए, दवा मिलने में कोई बाधा हो तो कंट्रोल रूम में बताओ...पौष्टिक आहार पोटली मिली, उसमें क्या-क्या मिला...निक्षय मित्र ने हाल जाना...। कुछ इस तरह डीएम जोगिंदर सिंह टीबी रोगियों का हाल जानने को उन्हें खुद फोन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ऑफिस में जैसे ही फुर्सत मिलती है तुरंत टीबी कंट्रोल रूम वालों को बुलाकर सीधे रोगियों को कॉल कर उनका हाल लेते हैं।
अगस्त 2024 से अब तक जिले में पांच हजार से भी अधिक टीबी रोगी खोजे गए हैं। डीएम ने बताया कि एक-एक रोगी को जन प्रतिनिधियों, पेट्रोप पंप संचालकों, अधिकारियों को गोद दिलाया है। दवाएं और पौष्टिक आहार की पोटली रोगी तक पहुंची या नहीं, इसकी सीधे रोगी से संपर्क कर पूछताछ की जा रही है। इसके लिए उन्होंने ब्लॉकवार रजिस्टर बनवाए हैं। इसमें रोगी और उसे गोद लेने वाले का संपूर्ण विवरण के साथ ही दवाओं व पोटली की उपलब्धता दर्ज है। इसके अलावा रोगियों के फॉलोअप के लिए कलक्ट्रेट में निक्षय कंट्रोल रूम भी बन रहा है। फिलहाल के लिए एनआइसी में ही तीन स्वास्थ्य कर्मी बैठाए गए हैं। इनमें दीपक, राजेंद्र और फैजल हैं, जो रोगियों को फोन कर उनका हाल जान रहे हैं।
विज्ञापन
इन लोगों ने बताया कि निक्षय मित्र रोगियों को पौष्टिक आहार पोटली सीएचसी-पीएचसी के माध्यम से हर महीने उपलब्ध करा रहे हैं। इन रोगियों का छह महीने तक लगातार इलाज चलेगा, इसके बाद वह स्वस्थ हो जाएंगे। इन्हें सीएचसी से एक-एक सप्ताह की नि:शुल्क दवा मिल रही है।
विज्ञापन
ब्लाॅकवार बने रजिस्टर में पूरा विवरण
डीएम ने रोगियों का हाल जानने को ब्लाॅकवार रजिस्टर बनवाए हैं। इनमें सैदनगर, रामपुर अर्बन, स्वार, मिलक, चमरौआ, शाहबाद, बिलासपुर ब्लॉक के अलग-अलग रजिस्टर हैं। इन रजिस्टर में रोगी के नाम के आगे कुल आठ कॉलम हैं। इनमें रोगी व सहयोगी का नाम-पता व मोबाइल नंबर, जांच तिथि, दवाई कब से शुरू हुई, उपचार का तरीका निजी या सरकारी अस्पताल से, कितने समय तक इलाज चलेगा, रोगी की स्थिति, पोटली मिली या नहीं और रोगी का फीडबैक वाले काॅलम हैं।
पोटली में क्या-क्या
पोटली में गजक, चना, सत्तू, गुड़, तिल, मूंगफली व अन्य पौष्टिक आहार वाले खाद्य पदार्थ हैं।
जिले में 13 टीबी यूनिट
निक्षय कोऑर्डिनेटर अखलाक ने बताया कि जिले में 13 टीबी यूनिट हैं। प्रत्येक यूनिट पर सुपरवाइजर हैं। अन्य टीबी रोगियों की पहचान के लिए आशा, सीएचओ और सुपरवाइजर काम कर रहे हैं।
कंट्रोल रूम नंबर
6397989366
6397989361
6398500451
टीबी यूनिट वार रोगियों का आंकड़ा
टीबी यूनिट - रोगी
रामपुर - 1208
बिलासपुर - 738
शाहबाद - 543
अर्बन पीएचसी - 462
सैदनगर - 407
स्वार - 369
मिलक - 336
पटवाई - 295
चमरौआ - 290
टांडा- 213
मसवासी - 211
राजपुरा - 194
केमरी - 190