रामपुुर। मंगलवार आधी रात में आंधी के साथ फुहारें पड़ीं तो वहीं बुधवार देर शाम को हल्की बूंदाबांदी हो गई। जिससे मौसम का मिजाज बदला तो साथ ही आंधी के कारण जगह-जगह हुए फॉल्ट के कारण पूरे जिले की बिजली व्यवस्था ठप हो गई। हालांकि, आंधीरुकने के बाद बिजली कर्मचारियों ने लाइनों को ठीक करने का काम शुरू किया। इस दौरान बिजली न होने की वजह से लोगों को तमाम परेशानियां हुईं।
मंगलवार रात को करीब 11 बजे मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवा चलने लगी। कुछ देर बाद ही हवा की गति इतनी अधिक हो गई थी कि जगह-जगह लगे होर्डिंग्स बोर्ड और बिजली के जर्जर तार टूट गए। इस बीच बारिश की हल्की फुहारें भी पड़ीं। मौसम खराब होने के कारण जगह-जगह बिजली आपूर्ति की हाईटेंशन लाइन में फाल्ट हो गए, जिससे पूरे जिले में बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई। हालांकि, बीच-बीच में कई बार बिजली आई, लेकिन इसके बाद फिर से गायब हो गई। रात करीब एक बजे के बाद जब आंधी रुकी तो बिजली कर्मियों ने लाइनों के फाल्ट ठीक करने शुरू कर दिए। रात करीब दो बजे आपूर्ति सामान्य हो सकी। ग्रामीण इलाकों में तो रात में भी आपूर्ति सुचारुनहीं हो सकी। ऐसे में बिजली न आने की वजह से लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। उपखंड अधिकारी विनय कुमार ने बताया कि आंधी की वजह से बिजली सप्लाई बाधित हो गई थी, जिसे ठीक करा दिया गया है। वहीं शाहबाद क्षेत्र में आंधी के चलते एचटी लाइन में ब्रेकडाउन के कारण पूरी रात बिजली आपूर्ति ठप रही।