रामपुर। बुधवार को मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह आसमान में बादलों ने डेरा जमाया तो धान की कटाई की तैयारी कर रहे किसान चिंतित हो गए। लोगों ने प्रभु से बारिश न होने की प्रार्थना की। दोपहर बाद मौसम साफ हो गया लेकिन दिन में तापमान में गिरावट रही।
सप्ताह भर से मौसम करवट ले रहा है। सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास है और दोपहर में धूप गर्मी का अहसास करा रही है। खेती के नजरिए से मौसम बिल्कुल अनुकूल रहा है और किसान दिन में धूप निकलने से धान के अच्छे ढंग से पकने का इंतजार कर रहे थे लेकिन बुधवार की सुबह इससे अलग रही। सुबह पांच बजे आसमान में बादल थे। दोपहर में धूप निकली जरूर मगर अन्य दिनों की अपेक्षा उसका असर कम था। दिन का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो किसान धान की कटाई में लगे थे, उन्होंने मौसम के मिजाज को देखकर धान कटाई की रफ्तार को धीमा कर दिया। किसानों का कहना है कि पहले भी वह सूखा और असमय बारिश होने से नुकसान उठा चुके हैं। अब बारिश होती है तो फसल को बहुत नुकसान होगा।