UP Elections 2022: अदिति सिंह ने दी प्रियंका गांधी को अपने खिलाफ लड़ने की चुनौती, रायबरेली सीट पर भाजपा उम्मीदवार हैं पूर्व कांग्रेस नेता
अदिति सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने मान लिया कि रायबरेली और अमेठी की जनता उनके साथ ही रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने इन सीटों के लिए कुछ नहीं किया। अदिति सिंह ने दावा किया कि इस बार रायबरेली में इतिहास बनेगा और पहली बार सदर सीट पर कमल खिलेगा।
विस्तार
कांग्रेस से भाजपा में पहुंचीं अदिति सिंह ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को रायबरेली सीट पर अपने खिलाफ उम्मीदवार बनने की चुनौती दे डाली है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रियंका उनके खिलाफ चुनाव लड़ेंगी तो उन्हें बहुत कुछ स्पष्ट हो जाएगा कि रायबरेली कांग्रेस का गढ़ नहीं बचा है।
रायबरेली सदर सीट पर 2017 चुनाव में अदिति सिंह ने पिता की विरासत संभालते हुए कांग्रेस पार्टी के टिकट पर भारी मतों से चुनाव जीता था। इनसे पहले इनके पिता अखिलेश प्रताप सिंह यहां पांच बार विधायक रहे थे।
कहा- इस बार बनेगा इतिहास, पहली बार सदर में खिलेगा कमल
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मान लिया कि रायबरेली और अमेठी की जनता उनके साथ ही रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने इन सीटों के लिए कुछ नहीं किया। अदिति सिंह ने दावा किया कि इस बार रायबरेली में इतिहास बनेगा और पहली बार सदर सीट पर कमल खिलेगा।
प्रियंका के उनकी ही सीट से चुनाव लड़ने के सवाल पर अदिति सिंह ने कहा कि अगर ऐसा होता है तो बहुत अच्छा रहेगा। आगे के लिए कुछ चीजें स्पष्ट हो जाएंगीं। अदिति ने कांग्रेस के लड़की हूं लड़ सकती हूं नारे को भी कोरा बताया।