UP News: ग्राम चौपाल में प्रधान प्रतिनिधि के बेटे ने वीडीओ को लात-घूंसों से पीटा, पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज
रायबरेली में ग्राम चौपाल में प्रधान प्रतिनिधि के बेटे ने वीडीओ को पहले गालियां दी, फिर लात-घूंसों से पीटा। पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
विस्तार
यूपी के रायबरेली में शुक्रवार को ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) को प्रधान प्रतिनिधि के बेटे ने लात-घूंसों से पीट दिया। पहले अनुसूचित जाति के कर्मचारी को जमकर गालियां दी, फिर उन पर टूट पड़ा। इससे वहां अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। वीडीओ की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। ग्राम विकास अधिकारी संघ ने बीडीओ को ज्ञापन देकर घटना की निंदा की है।
घटना महराजगंज ब्लॉक के पाली ग्राम पंचायत की है। पाली में रोस्टर के हिसाब से ग्राम चौपाल आयोजित की गई थी। ग्राम विकास अधिकारी संतशरण चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे थे। इसी दौरान प्रधान प्रतिनिधि के रूप में काम कर रहे पाली निवासी राजेंद्र कुमार का पुत्र सावंत कुमार उर्फ साहिल चौपाल में पहुंच गया। उसने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
वीडीओ के मना करने पर उन्हें लात मारकर ढकेल दिया। फिर लात-घूसों से जमकर पिटाई कर दी। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि वीडीओ की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
वीडीओ संघ ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन, जताया गुस्सा
वीडीओ के साथ आपराधिक वारदात के बाद ग्राम विकास अधिकारी संघ के पदाधिकारियों ने गुस्सा जताया। वैभव मिश्रा, महेंद्र शुक्ला, सर्वोत्तम सिंह, अरुण कुमार, अतुल कुमार आदि ने बीडीओ वर्षा सिंह को ज्ञापन देकर घटना की कड़ी निंदा की। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ह्यूम पाइपों व रिबोर हैंडपंपों के सवाल पर प्रधान हुए चुप
वारदात के बाद सीडीओ अर्पित उपाध्याय के निर्देश पर जांच करने पहुंचे डीपीआरओ सौम्यशील सिंह ने दुजई को कड़ी फटकार लगाई। कहा कि प्रधान आप हैं, तो प्रतिनिधि किसी और को क्यों बनाए हुए हैं। डीपीआरओ ने प्रधान से पूछा कि 53 हजार रुपये के ह्यूम पाइप की खरीद हुई है। खरीदी गईं पाइपों के मामले में जानकारी पूछी तो प्रधान जवाब नहीं दे पाए।
प्रधान के खिलाफ भी कार्रवाई होगी
रिबोर किए गए हैंडपंपों के बारे में भी प्रधान जवाब देने में नाकाम रहे। डीपीआरओ ने महराजगंज थाने पहुंचकर भी घटना की जानकारी ली। डीपीआरओ ने बताया कि प्रधान दुजई हैं, लेकिन प्रतिनिधि के तौर पर राजेंद्र कुमार काम करते हैं। मामले में जांच शुरू की गई है। प्रधान के खिलाफ कार्रवाई होगी।