ट्रक में पीछे से जा टकराई तेज रफ्तार जीप, एक की मौत, कई घायल
थाना क्षेत्र में गुरुवार को तेज रफ्तार जीप एक ट्रक से पीछे से जा टकराई। जिससे उस पर सवार एक बाराती की मौत हो गई। जबकि चालक समेत तीन लोग घायल हो गए।
घायलों को सीएचसी डीह पहुंचाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के भाई ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
डीह थाना क्षेत्र के नेवलगंज मजरे लोधवारी रामकुमार (50) बुधवार को चकवापुर गांव बारात में गया था। सुबह रामकुमार समेत अन्य लोग जीप पर सवार होकर घर लौट रहे थे।
रायबरेली-डलमऊ मार्ग पर हनुमानगंज के पास रायबरेली की तरफ ट्रक जा रहा था।
पीछे से टकराई जीप
इसी दौरान पीछे से जीप जा टकराई। ट्रक में टकराने के चलते जीप क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं उस पर सवार रामकुमार, चालक विनय निवासी मलिकमऊ थाना मिल एरिया और बाराती विजय बहादुर निवासी नया पुरवा लोधवारी, सुंदरलाल निवासी हनुमानगंज गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने रामकुमार को मृत घोषित कर दिया। थानेदार पवन त्रिवेदी का कहना है कि मृतक के भाई दिनेश ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
रिपोर्ट लिखकर मामले की पड़ताल की जा रही है। चालक की तलाश की जा रही है।