Pratapgarh : जानलेवा हमले के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, ग्रामीणों ने लगाया फंसाने का आरोप
बिना जांच पड़ताल के देल्हूपुर पुलिस ने जानलेवा हमला के आरोप में भीम सरोज को जेल भेज दिया। ग्राम प्रधान के साथ ग्रामीण बेगुनाह भीम पर हुई कार्रवाई को लेकर नाराज हैं। इसे पुलिस की ज्यादती कहते हुए सही आरोपी को पकड़ने की मांग की जा रही है। देल्हूपुर थाना क्षेत्र के बोझी निवासी शुभम सरोज बृस्पतिवार की रात छप्परनुमा घर में सो रहा था। किसी ने रात करीब 9.45 पर युवक के सिर पर चापड़ से हमला कर दिया।
घायल युवक चीख सुन परिजन जा गए। 10.30 पर घायल को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हालत गंभीर होने पर उसे एसआरएन प्रयागराज रेफर कर दिया गया। युवक को इलाज प्रयागराज में चल रहा है। घटना के करीब डेढ़ घंटे की देरी से पुलिस प्रधान राजकुमार सरोज के घर पहुंची।
प्रधान को साथ मे लेकर पुलिस पीड़ित के घर पहुंची। चर्चा है कि शुभम की बहन के कहने पर पुलिस घर से करीब 15 मीटर की दूरी पर सो रहे भीम सरोज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस भीम को लेकर थाने आई। घटना के दूसरे दिन पुसिल ने घटना में प्रयुक्त चापड़ को बरामद किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर भीम सरोज को जेल भेज दिया। ग्रामीणों के साथ ग्राम प्रधान का कहना है कि पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई गलत है।
गरीब भीम मजदूर है, वह इस तरह का दुस्साहस नहीं कर सकता है। सिर्फ पीड़ित के परिजनों के बयान के आधार पर किसी को जेल भेज देना न्यायोचित नहीं है। पुलिस सही आरोपी को पकड़ने से पीछे हट रही है। थानाध्यक्ष धनंजय राय ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। यदि घटना दूसरे किसी आरोपी ने अंजाम दिया है तो उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।
भोपतपुर मोड़ से पुलिस दिखा रही गिरफ्तारी
देल्हूपुर थानाध्यक्ष धनंजय राय भीम सरोज की गिरफ्तारी भोपतपुर मोड़ से दिखा रहे हैं। जबकि घटना के बाद पुलिस के साथ भीम सरोज के घर पहुंचे ग्रामीण और प्रधान राजकुमार सरोज इस बात के चश्मदीद है कि भीम सरोज घर पर सो रहा था। पुलिस ने उसे घर से गिरफ्तार किया है। इस तरह की जा रही पुलिस की मनमारी कार्रवाई बेगुनाहों को ही सजा दिलाने में आगे निकल रही है।
मोबाइल पर मिली थी धमकी
चर्चा है कि घायल शुभम को वृहस्पितवार की सुबह ही किसी ने फोन कर जान से मारने की धमकी दी थी, लेकिन पुलिस ने उसके मोबाइल को खंगालने के बजाय कार्रवाई के नाम पर कोरम पूरा कर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया है। यदि पुलिस शुभम के मोबाइल का सीडीआर निकाले तो आरोपी तक आसानी से पहुंचा जा सकता है।
शुभम का दुश्मनों से है पुराना नाता
शुभम के दुश्मन कम नहीं है। सूत्रों की माने तो 23 नवंबर शाम शुभम अपने दो साथियों के साथ निमंत्रण से लौट रहा था। बोझी चौराहा स्थित सामुदायिक शौचालय पर एक युवती और तीन युवकों को शुभम ने पकड़ा था। निर्वस्त्र कर युवकों की पिटाई कर पैसा और रूपये छीन लिया था। बाद में मोबाइल वापस कर दिया था। बानगी के तौर पर यह एक ही घटना है। ग्रामीणों की जुबां पर इस तरह की कई घटनाएं है, जिसमें शुभम अपने साथियों के साथ संलिप्त था।