पांच से 12 अक्तूबर तक चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा सप्ताह में भी यातायात नियमों की धज्जियां उड़ती रहीं। कागजों पर ही सड़क सुरक्षा सप्ताह मना लिया गया। ट्रैफिक पुलिस ने न किसी को जागरूक करने की कोशिश की और न ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। रविवार को लोग सड़कों पर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते रहे। बिना हेलमेट बाइक चलाने के साथ ही लोग ट्रिपलिंग करते रहे, लेकिन कहीं कोई पूछने वाला नहीं था। रविवार को शहर में दिनभर लोग बिना हेलमेट के बाइक से फर्राटा भरते रहे। कहीं भी किसी को पुलिस ने नहीं रोका। जबकि इन दिनों यातायात विभाग की तरफ से सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। कहीं किसी पुलिसकर्मी ने किसी भी बाइक सवार को रोककर जागरूक करना भी उचित नहीं समझा।
जिले में जनवरी से अब तक सड़क हादसों में 239 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें अधिकांश घटनाओं में मौत का कारण सिर में आई चोट बनी। इसके बाद भी लोग सुधरने के लिए तैयार नहीं है। बिना हेलमेट लगाए लोग बाइक लेकर सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। रविवार को 58 बाइक का आनलाइन चालान किया गया। इनमें ज्यादातर बिना हेलमेट के बाइक चला रहे थे। ट्रिपलिंग करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।