Pratapgarh : मां की आंखों के सामने पिता की कार की चपेट में आए मासूम की मौत,, कार मोड़ते समय हुई घटना
लीलापुर थाना क्षेत्र के पतुलकी डोमीपुर निवासी शिक्षक सुशील सिंह लालगंज के संगम चौराहे पर नया मकान बनाकर रहते हैं। मौजूदा समय में उनकी तैनाती प्राथमिक विद्यालय ब्रम्हौली में है। जबकि उनकी पत्नी आंचल उर्फ अकांक्षा सिंह की तैनाती आलापुर चकपुरवा प्राथमिक विद्यालय में है।
विस्तार
नवाबगंज थाना क्षेत्र के चकपुरवा प्राथमिक विद्यालय के पास बृहस्पतिवार की सुबह शिक्षिका मां के सामने उसके मासूम इकलौते बेटे की पति की कार की चपेट में आने से मौत हो गई। जिससे शिक्षक दंपती बदहवास हो गए। उनके करुण क्रंदन से इलाके का माहौल गमगीन हो गया।
लीलापुर थाना क्षेत्र के पतुलकी डोमीपुर निवासी शिक्षक सुशील सिंह लालगंज के संगम चौराहे पर नया मकान बनाकर रहते हैं। मौजूदा समय में उनकी तैनाती प्राथमिक विद्यालय ब्रम्हौली में है। जबकि उनकी पत्नी आंचल उर्फ अकांक्षा सिंह की तैनाती आलापुर चकपुरवा प्राथमिक विद्यालय में है। बृहस्पतिवार की सुबह सुशील अपनी पत्नी व दो वर्ष के बेटे कृष्णा सिंह को कार से लेकर आलापुर चकपुरवा पहुंचे। पत्नी व बेटे को उतारकर वह अपने स्कूल जाने के लिए कार मोड़ने लगे। तभी बेटा कृष्णा पिता की ओर दौड़ पड़ा।
आंचल उसे जब तक रोकती तब तक कृष्णा कार की चपेट में आ गया। कार के धक्के से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आंखों के सामने अपने बेटे की मौत पर वह बदहवास होकर गिर पड़ी। सुशील को जब घटना का आभास हुआ तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। अनजाने में अपने ही लापरवाही से कलेजे के टुकड़े की मौत के बाद वह रोता बिलखता रहा। आलापुर से लेकर संगम तिराहे तक मातम पसरा रहा। जानकारी के बाद शिक्षा विभाग के सहकर्मी भी घटनास्थल पर पहुंचे।