प्रतापगढ़ : महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेसियों का प्रदर्शन, पुलिस ने किया गिरफ्तार
कांग्रेसी प्रदर्शन और नारेबाजी करते हुए पुलिस लाइन चौराहे पर पहुंचे। यहां पुलिस ने आगे बढ़ने से रोका दिया। जुलूस की अगुवाई डॉ. वीके सिंह ने की। कांग्रेस प्रवक्ता कपिल द्विवेदी ने कहा है कि मोदी सरकार ने गेहूं, चावल, दाल, आटा, मैदा, सूजी के साथ ही कफन पर भी जीएसटी लगाकर गरीबों पर महंगाई थोप दी है।
विस्तार
महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेसियों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। पुलिस लाइन के सामने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। करीब ढाई घंटे बाद उन्हें रिहा किया गया। शुक्रवार को दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और खाद्य पदार्थों पर जीएसटी लगाने के विरोध में आंबेडकर चौराहा स्थित कार्यालय से जुलूस निकाला।
कांग्रेसी प्रदर्शन और नारेबाजी करते हुए पुलिस लाइन चौराहे पर पहुंचे। यहां पुलिस ने आगे बढ़ने से रोका दिया। जुलूस की अगुवाई डॉ. वीके सिंह ने की। कांग्रेस प्रवक्ता कपिल द्विवेदी ने कहा है कि मोदी सरकार ने गेहूं, चावल, दाल, आटा, मैदा, सूजी के साथ ही कफन पर भी जीएसटी लगाकर गरीबों पर महंगाई थोप दी है। युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा सरकार की मनमानी से आम आदमी के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
इस बीच प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस नेताओं से पुलिस की तकरार होने लगी। पुलिस की सख्ती के बाद कार्यकर्ता सड़क पर लेट गए। कुछ देर बाद पुलिस जबरन कांग्रेसियों को उठाकर वैन में लादने के बाद पुलिस लाइन ले गई। यहां उन्हें करीब ढाई घंटे तक रखा गया। इसके बाद गिरफ्तार किए गए 85 नेताओं और कार्यकर्ताओं को रिहा किया गया।
इन लोगों ने दी गिरफ्तारी
गिरफ्तार होने वाले में डॉ. नीरज त्रिपाठी, नगर अध्यक्ष इरफान अली, वेदांत तिवारी, महेंद्र शुक्ला, रोहित शुक्ला, प्रेम शंकर द्विवेदी, यमुना प्रसाद पांडेय, इम्तियाज अहमद, सरोज कश्यप, बीना रानी, सुनीता सिंह पटेल, श्याम शंकर तिवारी, उत्सव भूषण पाल, आशुतोष तिवारी, शुभम शुक्ला, मो.सद्दाम, सुरेश मिश्रा, योगेश यादव, सुभाष तिवारी, चरण सिंह यादव, बैजनाथ यादव, रामलखन यादव, सोनी तिवारी, फतेह बहादुर सिंह आदि शामिल थे।

मंहगाई के विरोध में अंबेडकर चौराहे से जुलूस निकालकर प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता। संवाद- फोटो : PRATAPGARH