Pratapgarh : ब्लॉक प्रमुख सुशील सिंह की बढ़ी मुश्किलें, पुलिस ने दो दिनों के रिमांड पर लिया
पट्टी रजिस्ट्रार कार्यालय में 21 जुलाई को जमीन के बैनामे को लेकर हुए गोलीकांड व बवाल के बाद बाबा बेलखरनाथ ब्लॉक प्रमुख सुशील सिंह की मुश्किलें कम नहीं हो रहीं।
विस्तार
पट्टी रजिस्ट्रार कार्यालय में 21 जुलाई को जमीन के बैनामे को लेकर हुए गोलीकांड व बवाल के बाद बाबा बेलखरनाथ ब्लॉक प्रमुख सुशील सिंह की मुश्किलें कम नहीं हो रहीं। घटना के बाद जिस ऑडी कार से प्रमुख फरार हुए थे। उसे बरामद करने के लिए पट्टी पुलिस ने न्यायालय की अनुमति लेकर दो दिनों तक रिमांड पर लिया है। बुधवार को पट्टी पुलिस प्रमुख को लेकर लखनऊ रवाना हो गई। सरेआम हुई घटना के बाद गोली मारते हुए प्रमुख का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।
घटना में नामजद प्रमुख समेत छह आरोपियों पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया। हालांकि नामजद दो आरोपी अभी फरार हैं और प्रमुख समेत आठ लोगों को पुलिस जेल भेज चुकी है। घटना को अंजाम देने के बाद प्रमुख ऑडी कार से भागा था। पुलिस के अनुसार दो दिनों के लिए जेल में निरुद्ध प्रमुख सुशील सिंह को रिमांड पर लिया गया है।
बुधवार दोपहर पट्टी पुलिस कार बरामद करने के लिए प्रमुख को लखनऊ लेकर रवाना हुई। वहां से वापसी के बाद उससे पट्टी कोतवाली में पूछताछ होगी। घटना के बाद प्रमुख के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हुए हैं। पुलिस को अंदेशा है कि प्रमुख को कोतवाली लाने पर भीड़ जुट सकती है। ऐसे में गेट पर ही लोगों को रोकने के लिए बैरियर रखवाए जा रहे हैं। पट्टी सीओ मनोज रघुवंशी ने बताया कि रजिस्ट्री कार्यालय के भीतर व बाहर हुए गोलीकांड में शामिल व मदद करने वाले लोगों के बारे में ब्लॉक प्रमुख से पूछताछ होगी। अप्रत्यक्ष रूप से घटना में शामिल लोगों पर भी पुलिस शिकंजा कसेगी।
लग्जरी कार लेने के मामले में पूछताछ करने पहुंची मुंबई पुलिस
मुंबई के विरार पूर्व जनपद के डॉ. पाटिल कंपाउंड कोपरी की रहने वाली पुष्पा चंद्रकांत पाटिल ने विरार पुलिस स्टेशन में ब्लॉक प्रमुख सुशील सिंह के खिलाफ शिकायती पत्र दिया है। जिसमे आरोप लगाया है कि फोर्ड की उसकी लग्जरी कार 10 लाख रुपये के एवज में किशोर महाले के पास से खुद ले लिया। अब रुपये देने के बाद भी कार वापस नहीं कर रहा। पुष्पा चंद्रकांत पाटिल की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर विरार पुलिस बुधवार को प्रतापगढ़ पहुंची। सूत्रों के अनुसार जेल में निरुद्ध ब्लॉक प्रमुख से पूछताछ करने से पहले ही पट्टी पुलिस ने उसे रिमांड पर ले लिया। मुंबई पुलिस आरोपी प्रमुख से घटना के सिलसिले में जानकारी लेने के लिए मौके की तलाश में है।
हरियाणा पुलिस भी करेगी एमडी के बारे में पूछताछ
पुलिस के अनुसार बाबा बेलखरनाथ धाम के प्रमुख सुशील सिंह का नाम नशीले पदार्थ मिथाइलीनडाई ऑक्सीमेथाफेटामिन यानी एमडी बेचने वाले गिरोह के सदस्यों से संलिप्तता मिली है। हरियाणा, दिल्ली, मुंबई व जनपद के अलावा अमेठी, जौनपुर में एमडी की सप्लाई करने वालों की काल डिटेल में प्रमुख से बातचीत होने के पुख्ता साक्ष्य मिले हैं। बैंक खातों में भी लेनदेन की बात सामने आई है। आसपुर देवसरा के अकारीपुर के रहने वाले लवीशंकर मिश्रा को हरियाणा पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। उससे पूछताछ के बाद हरियाणा पुलिस ने प्रमुख समेत 10 से अधिक लोगों को बयान देने के लिए तलब किया था। प्रमुख बयान देने नहीं गए। हरियाणा पुलिस भी बुधवार को आ गई। वह भी प्रमुख से नशे के कारोबारियों के सिलसिले में पूछताछ करने की तैयारी में है।