पीलीभीत: दिल्ली में बीसलपुर के युवक की मौत, नाले में मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
बीसलपुर क्षेत्र के एक युवक की दिल्ली में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव नाले में पड़ा मिला। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
विस्तार
बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव रसिया खानपुर निवासी जाबिर हुसैन का 26 वर्षीय पुत्र जावेद हुसैन पिछले 12 वर्षों से दिल्ली में रहकर नौकरी कर रहा था। वह ख्याला क्षेत्र में किराये के कमरे में अपने छोटे भाई नदीम के साथ रहता था। करीब दो महीने से जावेद ख्याला क्षेत्र के एक मॉल में काम कर रहा था।
परिजनों के अनुसार, छह नवंबर को जावेद मॉल में ड्यूटी करने गया था, लेकिन देर रात तक कमरे पर नहीं लौटा। उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था। काफी तलाश करने के बाद जब उसका कोई पता नहीं चला तो भाई नदीम ने ख्याला पुलिस को उसके लापता होने की सूचना दी। इसके बाद भी वह अपने स्तर से भाई की तलाश करता रहा।
परिजन बोले- शरीर पर थे चोट के निशान
सोमवार देर शाम नदीम को ख्याला क्षेत्र के एक नाले में जावेद का शव पड़ा दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाया। जानकारी मिलने पर परिजन भी सोमवार देर रात दिल्ली पहुंच गए। परिजनों के मुताबिक, जावेद के शरीर पर चोटों के कई निशान थे और चेहरे पर खून लगा हुआ था। इससे उन्होंने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद दिल्ली पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव लेकर गांव के लिए रवाना हो गए। देर रात तक शव गांव पहुंचने की उम्मीद है। जाबिर हुसैन ने बताया कि बुधवार को शव को सुपुर्दे खाक किया जाएगा। जावेद की मौत से मां फरजाना बेगम और पिता जाबिर हुसैन का रो-रोकर बुरा हाल है।