प्यार-शादी और अनबन: पहले मिटा सिंदूर... फिर पत्नी ने खा लिया जहर, अस्पताल में लड़ रही जिंदगी से जंग
पति की मौत की खबर मिलने के बाद शाम पांच बजे पत्नी ने भी जहर खा लिया है। उसे बहेड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर बताई जा रही है। पत्नी से विवाद की शिकायत पर सुनवाई न होने से आहत युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी।
विस्तार
पत्नी से विवाद की शिकायत पर सुनवाई न होने से आहत सुनगढ़ी थाने के नौगवां पकड़िया का युवक जहरीला पदार्थ खाकर शनिवार दोपहर एसपी आवास पहुंच गया। हालत बिगड़ने पर बरेली ले जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई। परिजनों ने शिकायत पर सुनवाई न होने का आरोप लगाकर हंगामा किया। पति की मौत की खबर मिलने के बाद शाम पांच बजे पत्नी ने भी जहर खा लिया है। उसे बहेड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर है।
डेढ़ माह पहले हुई थी कोर्ट मैरिज
नौगवां पकड़िया निवासी गुलाबराम ने बताया कि उनका पुत्र प्रदीप (26) कलक्ट्रेट में एक अधिकारी की कार चलाता था। डेढ़ माह पूर्व थाना जहानाबाद क्षेत्र के गांव वार नबादा निवासी ईशारानी के साथ उसने कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद परिजनों ने उसका विवाह कराया था। बताते हैं पत्नी वकील है और कचहरी में प्रैक्टिस करती है। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद प्रदीप और ईशारानी में विवाद होने लगा। ईशारानी ने प्रदीप के खिलाफ एसपी कार्यालय, थाना जहानाबाद और थाना सुनगढ़ी में शिकायती पत्र देते हुए दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया।
इसके बाद पुलिसकर्मियों ने प्रदीप को कई बार पूछताछ के लिए बुलाया। उसने खुद को बेकसूर बताते हुए कुछ साक्ष्य भी पुलिस को दिखाए, मगर कोई नतीजा नहीं निकला। आरोप है कि शुक्रवार को वह जब कलक्ट्रेट गया तो ईशारानी ने अन्य लोगों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी थी। इससे वह काफी आहत था। शनिवार को वह घर से करीब साढ़े नौ बजे साहब की गाड़ी ले जाने के बात कहकर निकला और परिजनों को यह भी बताया कि वह एसपी से मिलकर मामले की शिकायत करेगा।
इसके बाद वह एसपी अतुल शर्मा के कार्यालय पहुंचा। वहां एसपी के न मिलने पर वह कचहरी गया और वहीं जहरीला पदार्थ खा लिया। करीब 12 बजे एसपी आवास पर शिकायती पत्र लेकर पहुंचा। गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों को उसने जहरीला पदार्थ खाने की बात बताई। इसके बाद उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
सूचना मिलते ही परिजन भी वहां पहुंच गए और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। इस दौरान परिजनों की डॉक्टरों से भी नोकझोंक भी हुई। हालत गंभीर होने पर प्रदीप को बरेली रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
एसपी आवास की घटना फिर भी नहीं पहुंचे अधिकारी
जहरीला पदार्थ खाने के बाद युवक एसपी आवास पर पहुंच गया था, लेकिन पुलिस का कोई भी बड़ा अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। साथ ही जहर खाने वाली जगह का घटनास्थल कोतवाली क्षेत्र में होने के बाद भी कोतवाली पुलिस नहीं पहुंची। महज सुनगढ़ी पुलिस ही मौके पर दिखाई दी।
परिजन लगाते रहे पुलिस पर आरोप, बाद में बदल गए बयान
मेडिकल कॉलेज में परिजन मीडिया के सामने लगातार पुलिस पर आरोप लगाते रहे। कहना था कि युवक ने एसपी बंगले पर जहर खाया है। कार्रवाई न करने का आरोप भी लगाया। देर शाम परिजनों के बयान स्वयं ही बदल गए। इसको लेकर काफी चर्चाएं रही।
कमरे से मिला सुसाइड नोट
घटना के बाद जब सुनगढ़ी पुलिस ने मृतक के कमरे की तलाशी ली, तो उसमें एक सुसाइड नोट भी मिला। इसमें उसने अपनी पत्नी व ससुराल के अन्य लोगों के बारे में काफी कुछ लिखा हुआ है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।
बरेली में ही कराया गया शव का पोस्टमार्टम
युवक की मौत उपचार के लिए ले जाने के दौरान हुई थी। बरेली में पोस्टमार्टम कराए जाने की जब परिजनों को जानकारी लगी तो परिजन सुनगढ़ी थाने पहुंच गए और यहां पोस्टमार्टम कराने की जिद करने लगे। सुनगढ़ी पुलिस के समझाने के बाद परिजन माने। इसके बाद बरेली में ही पोस्टमार्टम कराया गया।
युवक शिकायत लेकर आवास पर आया था। पुलिसकर्मियों को युवक के जहर खाने की जानकारी लगने पर उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया गया। परिजनों के लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा रही है। शिकायत पर सुनवाई क्यों नहीं हुई, यह भी जांच में शामिल है। युवक की पत्नी ने कहीं मुकदमा दर्ज कराया है, ऐसा संज्ञान में नहीं है। अन्य पहलुओं की जांच कराई जा रही है। - अतुल शर्मा, एसपी