Pilibhit News: झमाझम बारिश से बदला मौसम का मिजाज, अगले दो दिनों में ओलावृष्टि भी संभावना
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएस ढाका ने बताया कि दो दिनों में करीब 20 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। अभी बारिश का क्रम बना रहेगा। इसके साथ ही ओलावृष्टि की भी संभावना है।
विस्तार
पीलीभीत में रविवार रात और सोमवार को सुबह शाम हुई बारिश ने तराई का मौसम बदल दिया है। बारिश से जहां गर्मी से लोगों को राहत मिली है, वहीं किसान चिंतित हैं। दो दिनों में करीब 20 एमएम बारिश हो चुकी है। इससे हाल में ही बोए गए गन्ने के खेतों में पानी भर जाने से फसल को नुकसान का खतरा बढ़ गया है।
रविवार रात झमाझम बारिश के चलते मौसम काफी ठंडा हो गया था। इसके बाद सोमवार सुबह भी बादल छाए रहे और जमकर बारिश हुई। बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। तराई में एकाएक ठंड जैसा मौसम बन गया। गर्मी से राहत मिली।
शहर में जलभराव से हुई परेशानी
बारिश के कारण पीलीभीत शहर में नालों के चोक होने से सड़कों पर और आबादी क्षेत्र में जलभराव हो गया। शहर में टनकपुर हाईवे किनारे पानी भर जाने से दुकानदारों के सामने समस्या हो गई। सोमवार को अधिकतम तापमान 33.2 और न्यूनतम 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएस ढाका ने बताया कि दो दिनों में करीब 20 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। अभी बारिश का क्रम बना रहेगा। इसके साथ ही ओलावृष्टि की भी संभावना है। वहीं मौसम का मिजाज देखकर उन किसानों की चिंता बढ़ गई है, जिन्होंने हाल में ही गन्ने की बुवाई की है। खेतों में पानी भरने से फसल को नुकसान हो सकता है।
मौसम बिगड़ते ही धोखा देने लगी बिजली
शहर की बदहाल विद्युत व्यवस्था मौसम के बदलने से और भी बदतर हो गई। बारिश और हवा चलने से रविवार रात से सोमवार देर शाम तक शहर के कई इलाकों में बिजली ठप रही। जिससे उपभोक्ता काफी परेशान रहे। विद्युत कर्मचारी फॉल्ट को दुरुस्त करने में जुटे रहे, इसके बाद भी कई इलाकों में सप्लाई प्रभावित रही।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.