पीलीभीत: अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत, एक मृतक की पहचान नहीं
पीलीभीत जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए।
विस्तार
पीलीभीत के गजरौला क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की जान चली गई। उधर, बीसलपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल हुए 66 वर्षीय ग्रामीण ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों मामलों में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
गजरौला थाना क्षेत्र में असम हाईवे पर मुड़ैला कला पुलिया के पास बृहस्पतिवार तड़के अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा राइस मिल के सामने सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पुलिस मृतक की पहचान कराने में जुटी है।
भड़रिया गांव में हुआ दूसरा हादसा
वहीं बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव भड़रिया में बुधवार देर शाम सड़क किनारे खड़े ग्रामीण को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल 66 वर्षीय केवल राम गंगवार की इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के बेटे गोपाल गंगवार ने बताया कि उनके पिता केवल राम गंगवार पुत्र प्यारेलाल बुधवार देर शाम गांव के बाहर सड़क किनारे खड़े होकर कुछ ग्रामीणों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अमृताखास की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक भी घायल हो गया। उसकी बाइक अभी गांव में ही खड़ी है।
बरेली ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
परिजन घायल केवल राम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत चिंताजनक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बरेली ले जाने की सलाह दी। परिजन उन्हें बरेली ले जा रहे थे, तभी ललौरीखेड़ा कस्बे के पास रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
इसके बाद परिजन शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए और कोतवाली पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही कोतवाल संजीव शुक्ला मौके पर पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी ली। बीसलपुर सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि कोतवाली पुलिस को मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
