UP News: पीलीभीत में फेसबुक पर खालिस्तान के समर्थन में डाली पोस्ट, लहराए असलहे, पुलिस तलाश में जुटी
पीलीभीत एनकाउंटर में मारे गए आतंकियों के स्थानीय कनेक्शन का पता करने में पुलिस जांच कर रही है। इस बीच एक युवक ने खालिस्तान के समर्थन में आपत्तिजनक पोस्ट डाली है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत शहर से सटे एक गांव निवासी युवक ने सोशल मीडिया पर खालिस्तान के समर्थन में पोस्ट डालकर माहौल खराब करने की कोशिश की है। युवक ने असलहा लहराते हुए फोटो भी डाले हैं। इसका पता चला तो पुलिस हरकत में आई। कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ के प्रयास भी शुरू कर दिए गए हैं। हालांकि, मामला सुर्खियों में आने के बाद पोस्ट हटा दी गई है।
23 दिसंबर की सुबह पूरनपुर क्षेत्र में तीन खालिस्तान समर्थक आतंकियों को पंजाब और यूपी पुलिस ने भुठभेड़ में ढेर कर दिया था। जांच-पड़ताल में आतंकियों के स्थानीय कनेक्शन भी सामने आ रहे हैं। बुधवार रात चंदोई-मझोला मार्ग पर ही लूट की घटना सामने आई थी। बुलेट सवार तीन युवकों ने न्यूरिया के मझोला फार्म के बाइक सवार किसान को रोककर तमंचे के बल पर मोबाइल लूटा और कहा था कि तीन साथी मारे गए, अन्य बिछड़ गए हैं। उन्हें ढूंढने के लिए मोबाइल चाहिए।
पोस्ट में मुठभेड़ में उठाए सवाल
अब कोतवाली क्षेत्र के सिरसा गांव के एक युवक ने फेसबुक पर खालिस्तान के समर्थन में पोस्ट डाली है। युवक ने पोस्ट के साथ असलहा लहराते हुए अपने फोटो भी डाले। पोस्ट में मुठभेड़ पर सवाल खड़ा करते हुए आतंकियों के समर्थन में लिखा गया था। मामले में कोतवाली में युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। इसके बाद सोशल मीडिया से पोस्ट भी डिलीट कर दिया गया।
कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले में सिरसा गांव निवासी गुरसेवक सिंह उर्फ सोनू के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी की तलाश में टीमों को लगाया गया है।
दूसरे दिन भी फुटेज में बदमाशों को खोजती रही पुलिस
शहर से जाने वाले चंदोई-मझोला मार्ग पर बुधवार रात न्यूरिया क्षेत्र के मझोला फार्म निवासी बाइक सवार किसान गुरनाम सिंह से फोन लूट लिया गया था। बुलेट सवार तीन युवकों ने उन्हें रोककर मोबाइल मांगा। न देने पर पिस्टल कनपटी पर लगा कर कहा कि उनके तीन साथी मारे गए, अन्य बिछड़ गए हैं। उन्हें ढूंढने के लिए मोबाइल की जरूरत है। इसके बाद आरोपी मोबाइल लूट कर भाग गए। मामले में देर रात सुनगढ़ी थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
पीलीभीत एनकाउंटर: होटल से निकलने के बाद इस राज्य में गए थे तीन आतंकी; धार्मिक स्थल पर पहुंचे; इसलिए आए वापस
पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई। इसके लिए सीसीटीवी कैमरों की मदद लेनी शुरू की गई। शुक्रवार को दूसरे दिन भी पुलिस की कई टीमें चंदोई से मझोला तक सीसीटीवी कैमरों छानबीन करती रहीं। हालांकि अभी बदमाशों से संबंधित कोई भी फुटेज पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों की खोजबीन कराई जा रही है।