जिले में एक अगस्त से शुरू होगा हाउस होल्ड सर्वे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सर्व शिक्षा अभियान के तहत जिले में आउट ऑफ स्कूल बच्चों के चिंहित करने को एक अगस्त से हाउस होल्ड सर्वे शुरू होगा। इसके तहत छह से 14 वर्ष के बच्चों के चिन्हीकरण के साथ सर्वे में तीन से पांच वर्ष वाले बच्चों को शामिल किया जाएगा। बेसिक शिक्षा विभाग के 1800 परिषदीय स्कूलों में बच्चों के दाखिले के लिए मार्च माह से स्कूल चलो अभियान, आरटीई मेला आदि कार्यक्रम संचालित किए गए। सात जुलाई से नामांकन पखवाड़ा कार्यक्रम विद्यालयों में बच्चों के नामांकन बढ़ाने व उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। यह सभी कार्यक्रम 31 जुलाई तक पूरे किए जाने हैं। इसके बाद एक अगस्त से 20 अगस्त तक स्कूल न जाने वाले (हाउस होल्ड) बच्चों का सर्वे किया जाना है। सर्व शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशालय ने इस बार हाउस होल्ड सर्वे के मानक में फेरबदल किया है। राज्य परियोजना निदेशक शीतल वर्मा ने इस संबंध में बीएसए को निर्देश दिए हैं। सर्वे में इस बार तीन से पांच वर्ष की आयु वाले बच्चों को भी चिंहित करने के निर्देश दिए गए हैं। छह से 14 वर्ष वाले बच्चों को आउट ऑफ स्कूल माना जाएगा। सर्वे में तीन से 14 वर्ष की उम्र वाले बच्चों का पूरा विवरण लिया जाएगा। इस सर्वे में यह भी पता लगाया जाएगा कि स्कूल न जाने वाले निशक्त बच्चों की संख्या कितनी है। बीएसए अंबरीष कुमार यादव ने बताया कि शासन स मिले निर्देशानुसार ही हाउस होल्ड सर्वे किया जाएगा।
माइग्रेट बच्चों की बनेगी सूची
हाउस होल्ड सर्वे में दूसरे स्थान से आने वाले बच्चों को भी चिंहित किया जाएगा। ग्राम पंचायत से कोई परिवार माइग्रेट होता है या कोई परिवार दूसरे स्थान से आया है तो इसकी सूचना विद्यालय प्रबंधन समिति और शिक्षा समिति के सचिव सर्वे रजिस्टर में अंकित करेंगे। सर्वे के समय माइग्रेट बच्चों की सूचना अलग से रखी जाएगी ताकि अलग से इन सभी की पहचान हो सके।