पीलीभीत: नकली आभूषणों पर हॉलमार्क लगाकर बैंक से गोल्ड लोन लेने की कोशिश, छह आरोपी गिरफ्तार
पीलीभीत के पूरनपुर में पुलिस ने शुक्रवार को छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। ये एसबीआई से नकली आभूषणों पर गोल्ड लोन लेने की कोशिश कर रहे थे। आभूषणों में महज 3.03 फीसदी सोना था और उन पर 18 कैरेट का हॉलमार्क लगा था।
विस्तार
पीलीभीत के पूरनपुर में नकली आभूषणों को असली बताकर एसबीआई से गोल्ड लोन लेने की कोशिश कर रहे गिरोह के छह आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया। आभूषणों में महज 3.03 प्रतिशत सोना था और उस पर 18 कैरेट का हॉलमार्क लगा हुआ था। पुलिस ने नकली आभूषण और हॉलमार्क बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि पांच नवंबर को हरिपुर उर्फ हरियापुर निवासी इकरार और पूरनपुर के साहूकारा निवासी सराफा कारोबारी आदेश वर्मा नकली आभूषण लेकर स्टेशन रोड शाखा पहुंचे थे। जांच में आभूषण नकली मिले। उन पर 18 कैरेट का हॉलमार्क था।
बैंककर्मी महेश चंद्र गंगवार की तहरीर पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जी हॉलमार्क से संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने इकरार से एक हार और पेंडल व आदेश से चार कंगन बरामद किए। इनमें सोने की मात्रा महज 3.03% मिली। हार का वजन 21.97 ग्राम, पेंडल का 4.67 ग्राम और चार कंगनों का वजन 39.96 ग्राम था।
एसबीआई में लोन लेने पहुंचे थे आरोपी
एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि एसबीआई में लोन लेने पहुंचे इकरार और आदेश ने जोगराजपुर निवासी इसरार और सुशील वर्मा के साथ नकली आभूषणों पर हॉलमार्क लगवाने की बात बताई। पुलिस ने शेखचांद निवासी अखिल कुमार उर्फ मनोज और मोहल्ला मलिक अहमद निवासी विशाल को भी गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को कोर्ट ने जेल भेज दिया। इसरार से 18 कैरेट की 4.56 ग्राम की झुमकी और सुशील से 4.76 ग्राम का टीका बरामद हुआ।