UP: पीलीभीत में माहौल खराब करने की कोशिश, शहर से सटे गांव में लगाए गए आपत्तिजनक पोस्टर, पुलिस ने हटवाए
पीलीभीत शहर से सटे गांव में किसी ने आपत्तिजनक पोस्टर चस्पा कर माहौल खराब करने का प्रयास किया। जानकारी होने पर बृहस्पतिवार सुबह पुलिस फोर्स गांव पहुंच गई। पुलिस ने पोस्टर हटवाए।
विस्तार
पीलीभीत शहर से सटे ग्राम चिड़िया गांव में ज्ञानवापी मामले को लेकर किसी ने आपत्तिजनक पोस्टर चस्पा कर दिए। बृहस्पतिवार सुबह जानकारी होने पर लोगों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही एएसपी समेत काफी संख्या में पुलिस फोर्स गांव में पहुंच गया। पुलिस ने गांव में लगे 100 से अधिक पोस्टर हटवा दिए हैं। गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है।
सुनगढ़ी क्षेत्र के गांव चिड़ियादाह मुस्लिम बहुल इलाका है। बुधवार की रात किसी ने पूरे गांव में ज्ञानवापी मामले को लेकर लोगों के घरों की दीवारों पर पोस्टर चिपका दिए। बृहस्पतिवार की सुबह जब गांव के लोग जागे, तो उन्होंने जगह-जगह पोस्टरों को देख मामले की जानकारी पुलिस को दी। पहले तो लोगों को कुछ एक जगह पर ही पोस्टर दिखाई दिए। जब लोग गांव की गली-गली में घूमे तो देखा कि अधिकांश जगहों पर ऐसे आपत्तिजनक पोस्टरों को लगाया गया था।
इसकी सूचना आग की तरह पूरे शहर में फैल गई। जानकारी मिलने पर शिवसेना के जिलाध्यक्ष शैली शर्मा भी मौके पर पहुंचे। एएसपी विक्रम दहिया व सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। ग्रामीणों व पुलिसकर्मियों ने गांव में लगे पोस्टरों को हटवाया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
गांव में एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे वाली गली में भी कुछ पोस्टर चिपकाए गए हैं। पुलिस को अंदेशा है कि पोस्टर चिपकाने वाला इन कैमरों आया होगा। इसके चलते फुटेज के जरिए भी पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
सुरक्षा के लिहाज से गांव व अन्य जगहों पर भी अलर्ट
मामले की जानकारी होने के बाद एसपी अतुल शर्मा ने गांव में पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया है। इसके अलावा जिले की सभी सर्किल व थानों पर ऐसी आबादी में गशत के साथ जांच पड़ताल के आदेश दिए हैं, जिससे कहीं अन्य जगह पर ऐसा न हो जाए। इसके साथ ही पुलिस कर्मियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
एसपी अतुल शर्मा ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पोस्टरों को हटवा दिया है। साथ ही गांव में सुरक्षा के लिहाज से पुलिस फोर्स को भी तैनात कर दिया गया है। युवक की तलाश की जा रही है।