Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Pilibhit News ›   power supply disrupted after Diwali in Pilibhit

पीलीभीत: दिवाली के बाद लड़खड़ाई बिजली व्यवस्था, कई इलाकों में ठप रही आपूर्ति, परेशान हुए उपभोक्ता

Tue, 10 Nov 2026 04:46 PM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत Published by: Mukesh Kumar Updated Tue, 10 Nov 2026 04:46 PM IST
सार

दिवाली के बाद पीलीभीत शहर में बिजली व्यवस्था चरमरा गई। सोमवार देर रात से मंगलवार शाम तक कई इलाकों में बिजली कटौती और कम वोल्टेज की समस्या बनी रही।

विज्ञापन
power supply disrupted after Diwali in Pilibhit
छतरी चौराहे के पास रखा ट्रांसफार्मर - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

पीलीभीत में दिवाली पर रोशनी से जगमग शहर में त्योहार बीतते ही बिजली व्यवस्था का अंधेरा छा गया। सोमवार देर रात से शुरू हुई बिजली की आंखमिचौली ने मंगलवार को भी लोगों का पीछा नहीं छोड़ा। किसी मोहल्ले में घंटों बिजली गुल रही तो कहीं लो-वोल्टेज ने घरों में लगे बिजली उपकरणों को बेअसर कर दिया। बिजली होने के बावजूद पंखे रेंगते रहे और पानी की मोटर तक नहीं चल सकी। दुकानों में कामकाज ठप होने से कारोबारियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। शिकायतों के बाद भी लोगों को तत्काल राहत नहीं मिली। विद्युत निगम की टीमें दिनभर फॉल्ट तलाशने और उन्हें ठीक करने में जुटी रहीं। मंगलवार शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। 

विज्ञापन


शहर में बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए निगम की ओर से तमाम दावे किए जाते हैं। त्योहार पर भी निर्बाध बिजली देने की बात कही गई थी, लेकिन दीपावली के बाद ही व्यवस्था की पोल खुलने लगी। सोमवार देर रात सिविल लाइन, सुनगढ़ी, काला मंदिर, राजाबाग और नई बस्ती समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। रातभर लोग बिजली आने का इंतजार करते रहे। मंगलवार सुबह भी हालात नहीं सुधरे। कई मोहल्लों में लो-वोल्टेज की समस्या ने लोगों को बेहाल कर दिया। 
विज्ञापन


सबसे ज्यादा परेशानी उन परिवारों को हुई, जिनके घरों में पानी की मोटर नहीं चल सकी। घरेलू कामकाज प्रभावित हुए तो दुकानदारों के सामने कारोबार चलाने का संकट खड़ा हो गया। कई घंटे बिजली गुल रहने के बाद आपूर्ति बहाल हुई भी तो कम वोल्टेज ने राहत नहीं मिलने दी। नई बस्ती, एकता नगर, अवध नगर, निरंजनकुंज, आवास विकास, साहूकारा, बल्लभ नगर और मधुवन समेत अन्य मोहल्लों में भी बिजली कटौती और कम वोल्टेज की शिकायतें सामने आईं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

फॉल्ट ठीक करने में जुटे रहे कर्मचारी 
सोमवार देर रात शुरू हुई परेशानी मंगलवार को पूरे दिन बनी रही। उपभोक्ताओं ने शिकायतें दर्ज कराईं। इसके बाद कर्मचारियों को अलग-अलग इलाकों में भेजा गया। कहीं लाइन में खराबी मिली तो कहीं अन्य तकनीकी फॉल्ट सामने आए। कर्मचारी मरम्मत में जुटे रहे, लेकिन एक के बाद दूसरी शिकायतें आने से लोगों को राहत मिलने में समय लगा। मंगलवार शाम तक आपूर्ति सामान्य होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। उपभोक्ताओं का कहना है कि त्योहार के बाद बिजली व्यवस्था सुधरने की उम्मीद थी, लेकिन इसके उलट परेशानी बढ़ गई।

जयदेवी ने बताया कि सोमवार देर रात से बिजली की समस्या शुरू हो गई थी। रात में कई बार बिजली आती-जाती रही। मंगलवार को वोल्टेज इतना कम था कि पंखे तक ठीक से नहीं चल पा रहे थे। शिकायत करने के बाद भी तत्काल राहत नहीं मिली। रामकली ने बताया कि बिजली की समस्या से घर के जरूरी काम प्रभावित हुए। मोटर भी नहीं चल सकी। बिजली होने के बावजूद लो-वोल्टेज के कारण कोई उपकरण ठीक से काम नहीं कर रहा था। विभाग को पहले से ही व्यवस्था दुरुस्त रखनी चाहिए थी।

निगम ने बड़ी समस्या से किया इनकार
एक्सईएन आशीष यादव ने बताया कि शहर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था सही रही। कहीं किसी प्रकार की बड़ी समस्या नहीं आई। जहां छुटपुट दिक्कतें आईं, वहां टीम भेजकर आपूर्ति सुचारु करा दी गई। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed