फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Pilibhit News ›   Doubles will be easier than ever

दुआओं से होगी हर मुश्किल आसान

Tue, 29 Aug 2017 11:16 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो  पीलीभीत।
अमर उजाला ब्यूरो  पीलीभीत। Updated Tue, 29 Aug 2017 11:16 PM IST
विज्ञापन
Doubles will be easier than ever
dargah - फोटो : amar ujala
हजरत शाहजी मियां का कुल शरीफ हुआ
विज्ञापन

उर्स के आखिरी दिन उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब

कुतुबे पीलीभीत हजरत शाहजी मोहम्मद शेर मियां रहमतुल्लाह अलैह के 114वें सालाना उर्स शरीफ का कुल शरीफ के साथ समापन हो गया। बड़ी तादाद में अकीदतमंदों ने कुल शरीफ में शिरकत कर शाहजी मियां केे वसीलेे से दुआएं मांगीं। दरगाह से दूसरों की भलाई और बेहतरी करने का पैगाम देने के साथ ही मुल्क में अमन भाईचारा और तरक्की के लिए दुआ की गई। सज्जादानशीन ने दुआ की अहमियत बताते हुए कहा कि नबियों और वलियों के वसीले से दुआ करने से हर मुश्किल आसान होती है। सड़कों से लेकर दरगाह के आसपास के मोहल्लों की छतों से भी जायरीन दुआ के लिए हाथ उठाए दिखाई दिए।
मंगलवार की सुबह फज्र की नमाज के बाद दरगाह शरीफ पर कुरआनख्वानी, हलका और शजरा पढ़ने के बाद पहले कुल शरीफ की फातेहा की गई। इसके बाद दरगाह शरीफ पर जायरीन ने हाजिरी देकर गुलपोशी की। जैसे-जैसे कुल शरीफ का समय नजदीक आता गया, अकीदतमंदों का सैलाब दरगाह की तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर उमड़ने लगा। कुल शुरू होने से करीब एक घंटा पहले ही दरगाह पहुंचने वाले सभी रास्ते अकीदतमंदों की भारी भीड़ से खचाखच भर गए। ठीक सुबह 10 बजे बड़े कुल शरीफ की रस्म नात-ओ-मनकबत के साथ शुरू हुई। दूरदराज से आए लोगों ने नजराना-ए-अकीदत पेश किए। दरगाह की परंपरागत मीलाद पार्टी ने अपने अंदाज में कलाम पेश किए। इसके बाद शजरा पढ़ा गया। कुरआन पाक की आयते करीमा की तिलावत हुई। सज्जादानशीन हजरत अलहाज मुन्ने मियां शेरी ने लोगों को पैगाम देते हुए कहा कि अल्लाह तआला अपने बंदों से कहता है कि तुम मेरा जिक्र करो, मैं तुम्हारी फिक्र करूंगा। नबियों और वलियों से यही पैगाम हम तक पहुंचा है, इसलिए अल्लाह का जिक्र करते रहो, इसी में भलाई है। इसी में तरक्की और कामयाबी है। उन्होंने कहा कि शाहजी मियां हुजूर का भी यही पैगाम रहा। उन्होंने जिस तरह अल्लाह की इबादत और मां की खिदमत की, उन्हें अल्लाह ने न सिर्फ वली बल्कि पीलीभीत का कुतुब बना दिया। उन्होंने कहा कि नेक रास्ता अपनाओ, वलियों से मोहब्बत रखो और इस्लाम के उसूलों पर पाबंद रहो। वलियों और नबियों के वसीले से दुआ मांगो तो हर मुश्किल आसान होगी। तरक्की भी मिलेगी और कामयाबी भी। कुल शरीफ की रस्म पूरी होने के बाद जायरीन को तबर्रुक बांटा गया। 
विज्ञापन


गली-गली घर-घर हुआ कुल 
शाहजी मियां के कुल शरीफ की रस्म अदा होने के बाद शहर भर में फातेहा दिलाई गईं। अकीदतमंदों ने मिठाई हलुवा आदि बांटा। दरगाह के अलावा अन्य जगहों पर भी अकीदतमंदों ने फातेहा की और लंगर बांटा।
विज्ञापन
विज्ञापन


वक्त से पहले निपट गया सामान 
फातेहा के लिए लोगों को मिठाई और फलों की खरीदारी करने के लिए मशक्कत करना पड़ी। कमल्ले चौराहा से बेला चौराहे तक मिठाई की जितनी दुकानें और फलों की रेहड़ियां लगती हैं, हर जगह खरीदारों की भारी भीड़ रही। इसके चलते सामान वक्त से पहले ही खत्म हो गया। 

मेले में हुई जमकर खरीदारी 
उर्स शरीफ के मौके पर लगने वाले मेले में भी जायरीन ने जमकर खरीदारी की। भारी भीड़ के चलते रात दिन मेले में बड़े पैमाने पर सामानों की खरीदारी होती रही। 

उर्स के मौके पर स्कूल कॉलेज रहे बंद  
हजरत अलहाज शाहजी मोहम्मद शेर मियां के 114वें उर्स के चलते मंगलवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालय बंद रहे। वहीं जिले भर के स्कूल कॉलेज भी बंद रहे। डीएम शीतल वर्मा द्वारा मंगलवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था। 

दो पुस्तकों का हुआ विमोचन 
पीलीभीत। उर्स-ए-शाहजी मियां रहमातुल्ला अलैह के मौके पर आल इंडिया उलमा मशाइख बोर्ड की ओर से खानकाह नसीरिया शेरिया में हुई प्रेस कांफ्रेंस में इस्लामिक स्कालर मुफ्ती साजिद हसनी ने कुतुबे पीलीभीत हुजूर शाहजी मोहम्मद शेर मियां की रूहानी जिंदगी पर रोशनी डालते हुए कहा कि शाहजी मियां के दयार में आला हजरत इमाम अहमद रजा खान फाजिले बरेलवी रहमतुल्ला अलैह अक्सर शरफे मुलाकात के लिए आया करते थे। आला हजरत फाजिले बरेलवी और हुजूर शाहजी मोहम्मद शेर मियां हमेशा एक दूसरे की बड़ी इज्जत और एहतराम किया करते थे। कहा कि शाहजी मियां रोजाना पीलीभीत से अपने पीरो मुर्शीद सैय्यद अहमद अली शाह की खिदमत में भटपुरा शरीफ रामपुर जाया करते थे। रात में अपनी मां की खिदमत किया करते थे और दिन में अपने पीरो मुर्शिद की खिदमत किया करते थे। शाहजी मियां ने अपनी जिंदगी में सबसे ज्यादा खिदमत अपनी मां व पीरो मुर्शिद की की। शाहजी मियां को शेरे मुस्तफा का खिताब मिला। इस दौरान अरशद खान शेरी द्वारा लिखी गई पुस्तक सबान-ए-शेरे मुस्तफा व मुफ्ती साजिद हसनी द्वारा लिखी गई पुस्तक तजकिरय मुज्जद्दि अल्फसानी के नए एडीशन का विमोचन खानकाह के सज्जादानशीन हजरत नसीर मियां शेरी व हजरत मौलाना वजाहत मियां ने किया। इससे पूर्व आल इंडिया उलमा मशाइख बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना सैय्यद मोहम्मद अशरफ किछौछा शरीफ की ओर से फूलों की चादर हुजूर शाहजी मोहम्मद शेर मियां के दरबार में पेश की गई। इस मौके नायब सज्जादानशीन हजरत मौलाना वजाहत मियां शेरी, मुफ्ती नूर मोहम्मद हसनी, अरशद खान, मीनू बरकाती, शानू मियां खान शेरी, चांद खान शेरी, नसीम रजवी, नोमान मियां आदि मौजूद रहे।

मक्का मदीना में भी मनाया शाह जी मियां का कुल
पूरनपुर। यहां से हज को गए लोगों ने भी मक्का मदीना में हजरत शाह जी मोहम्मद शेर मियां का कुल मंगलवार को मनाया। फातिहा कराई गई और दुआएं की गईं। सऊदी अरब के शहर मक्का से मोबाइल पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य असलम कुरैशी, उद्योग व्यापार मंडल के नगराध्यक्ष जाहिद खां, पूरनपुर टाटरगंज बस यूनियन के प्रबंधक लियाकत उर्फ भूरे भाई ने बताया कि मंगलवार को सुबह कुल मनाया गया। देश की तरक्की की दुआएं की गईं।


जायरीन की भीड़ को लेकर सुरक्षा बंदोबस्त रहे सख्त 
पीलीभीत। मंगलवार को कुल शरीफ के मौके पर हजारों की संख्या में जायरीन के पहुंचने का आंकलन जिला प्रशासन पहले ही कर चुका था। शायद यही कारण रहा कि सुरक्षा को लेकर पुख्ता तैयारियां रहीं। कोतवाल एसके सिंह समेत आधा दर्जन थानों की पुलिस को पीएसी के साथ दरगाह के मेनगेट पर लगाया गया, ताकि भीड़ को व्यवस्थिति किया जा सके। सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल, सिटी मजिस्ट्रेट अवधेश मिश्रा राउंड लेकर हालात भांपने में जुटे रहे। एएसपी रोहित मिश्रा राउंड लेते रहे। सिविल ड्रेस में भी पुलिस भीड़ के बीच मौजूद रही। यातायात व्यवस्था बनाए रखने को शाहजी मियां दरगाह की ओर से वाहनों की आवाजाही बंद रही। वाहनों को आसपास के दूसरे रास्तों से गुजारा गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed