बीसलपुर। बीसलपुर-शाहजहांपुर रोड से मीरपुर ग्रंट जाने वाले लिंक रोड पर गांव हरूनगला के पास गुरुवार को अनियंत्रित टेंपो पलटने से उसमें सवार 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। एक की हालत चिंताजनक बताई गई है। गांव मीरपुर ग्रंट निवासी अर्जुनलाल गुरुवार सुबह अपने टेंपो में सवारियां लेकर बीसलपुर आ रहे थे। टेंपो में 10 यात्री थे। रास्ते में गांव हरूनगला के पास सामने आए बाइक सवार को बचाने के प्रयास में टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में टेंपो सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टेंपो पलटते ही सवारियों में चीखपुकार मच गई। मौके पर जुटे लोगों ने टेंपो में फंसे घायलों को को बाहर निकाला और यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर भर्ती कराया। घायलों में टेंपो ड्राइवर मीरपुर ग्रंट निवासी अर्जुनलाल, इसी गांव के रामवीर सिंह, शिवकुमार, उनकी 13 वर्षीय पुत्री सीता, पत्नी रामगीता, अवनीश कुमार की पत्नी सीमा, कृष्णपाल, नरवीर सिंह, गांव लुहिचा निवासी रामप्रताप की पत्नी गुड्डी देवी, पुत्री 15 वर्षीय नीरज देवी और गांव खनंका निवासी कुंवर सिंह की पुत्री 12 वर्षीय प्रिंसी शामिल हैं। नीरज देवी की हालत चिंताजनक बनी हुई है। उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।