उपचुनाव: गुर्जरों को साधने के लिए RLD ने चला दांव, हार की हैट्रिक के बाद खतौली पिच पर मदन भैया की जोर-आजमाइश
By-election: मुजफ्फरनगर की खतौली विधानसभा सीट पर उप चुनाव के लिए रालोद ने पत्ते खोल दिए हैं। गुर्जर प्रत्याशी पर दांव खेलते हुए बागपत की खेकड़ा सीट से तीन बार के पूर्व विधायक बहुचर्चित मदन भैया को मैदान में उतारा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुर्जरों को साधने की कोशिश
रालोद ने खतौली के उप चुनाव में पूर्व विधायक मदन भैया को मैदान में उतारकर पश्चिम यूपी में गुर्जरों को साधने की कोशिश की है। परिसीमन के कारण खेकड़ा विधानसभा का वजूद खत्म हो गया और लोनी में एक के बाद एक तीन हार के बाद मदन भैया भी नई सियासी जमीन की तलाश में थे। ऐसे में उपचुनाव का मौका बना तो रालोद ने उन्हें टिकट थमाया। देखने वाली बात यह होगी कि वह खतौली में कितना दमखम दिखा पाते हैं।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासत के बहुचर्चित चेहरों में मदन भैया का नाम शामिल है। बागपत की खेकड़ा विधानसभा सीट से वह चार बार विधायक रहे। साल 2012 में परिसीमन हुआ तो खेकड़ा सीट का वजूद खत्म हो गया। इसके बाद अपनी सियासत को संवारने के लिए उन्होंने गाजियाबाद की लोनी सीट से 2012, 2017 और 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
मुजफ्फरनगर दंगे के बाद खतौली सीट पर बदले समीकरण
खतौली में उपचुनाव का मौका बना तो मदन भैया ने टिकट लपक लिया। इससे पहले खतौली में गुर्जर उम्मीदवार के तौर पर 2012 में करतार भड़ाना विधायक चुने गए थे। इसके बाद दंगा और खतौली सीट के समीकरण पूरी तरह बदल गए।
भाजपा के निवर्तमान विधायक विक्रम सैनी ने यहां दोनों बार जिले की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। रालोद ने इस सीट पर फिर गुर्जर प्रत्याशी उतारा है। इसकी बगल वाली सीट मीरापुर पर भी गठबंधन से गुर्जर चंदन चौहान विधायक है। ऐसे में रालोद ने गुर्जरों को साधने के लिए इस बार मदन भैया को मौका दिया है।
खेकड़ा में रूप चौधरी से हारे थे पूर्व विधायक
खेकड़ा विधानसभा सीट पर पूर्व विधायक मदन भैया भाजपा के रूप चौधरी से हार गए थे। इसके बाद वह दोबारा चुनाव जीते। परिसीमन के बाद लोनी में जाकर राजनीतिक जमीन की तलाश की, लेकिन अब तक कामयाबी नहीं मिली।
पूर्व विधायक चंदर सिंह पर हमले में आरोपी
पूर्व विधायक मदन भैया पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हुए हैं। बागपत के पूर्व विधायक चंदर सिंह पर हमले का भी उन पर आरोप लगा था। साल 2020 में इस मामले में उन पर आरोप भी तय हो गए थे।
किसी को निराश नहीं करूंगा : मदन भैया
पूर्व विधायक मदन भैया ने कहा कि नेतृत्व ने जो भरोसा जताया है, उस पर खरे उतरने का प्रयास किया जाएगा। जनता को निराश नहीं करूंगा। पूरी तैयारी के साथ गठबंधन के प्रत्याशी के तौर पर वह चुनाव मैदान में उतरेंगे।