चरथावल। दहचंद गांव में धान की फसल निकालने के बाद पराली जलाने के आरोप में थाने में दर्ज मुकदमे के विरोध में भाकियू ने प्रदर्शन करते हुए थाने का घेराव किया। भाकियू तहसील अध्यक्ष ने एसओ को ज्ञापन देकर किसान पर दर्ज मुकदमा वापस कराने की मांग की। शीघ्र मुकदमा वापसी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
दो दिन पूर्व दहचंद गांव के किसान सुनील द्वारा धान की फसल निकालने के बाद अपशिष्ट पराली खेत में जलाने के आरोप में लेखपाल डॉ. प्रदीप कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर गुस्साए किसानों ने बृहस्पतिवार को भाकियू के नेतृत्व में थानाध्यक्ष सूबे सिंह यादव का घेराव करते हुए प्रदर्शन किया। तहसील अध्यक्ष विकास शर्मा ने कहा कि प्रशासन को किसान कोई भी पराली नहीं जला रहा है। किसानों को 600 रुपये क्विंटल भूसा और पराली खरीदकर पशुओं के चारे का बंदोबस्त करना पड़ रहा है। उधर, प्रशासन को सेटेलाइट के जरिए अपशिष्ट जलाना नजर आ रहा है। जबकि हिंडन नदी में मिल मालिक गंदा पानी बहाकर क्षेत्र के कई गांव में प्रदूषण फैला रहे हैं, लेकिन प्रशासन और प्रदूषण विभाग आंखें बद किए है। चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन ने किसान पर दर्ज मुकदमा वापस नहीं लिया, तो भाकियू जिले में बड़ा आंदोलन चलाएगी। भाकियू ने जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन थाना प्रभारी को सौंपा। एसओ से एसडीएम सदर से वार्ता कर किसानों का शोषण नहीं होने देने का भरोसा दिया। मौके पर ठाकुर बबलू, ब्रजपाल, सरफराज त्यागी, सतीश कुमार, पप्पू, कपिल कुमार, बबलू सिंह, दुष्यंत सहरावत, सतीश, सलीम, मनोज जटनगलां, दीपक त्यागी, नगराध्यक्ष अभिषेक बंसल आदि रहे।