दर्दनाक मौत: मलबे में दबकर टूट गईं मासूम की सांसें, सूनी हो गई मां की गोद, पिता भी सदमे, गांव में पसरा मातम
Muzaffarnagar News : एक मासूम बच्चे की दीवार के मलबे में दबकर मौत हो गई। बच्चे की मौत से जहां मां की गोद सूनी हो गई तो वहीं पिता भी सदमे में हैं। वहीं, बच्चे की मौत से गांव में भी मातम पसरा है।
विस्तार
मुजफ्फरनगर जनपद में शाहपुर क्षेत्र के गांव पलड़ी में दीवार गिरने से मलबे में दबकर 10 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसे में उसके दो चचेरे भाई घायल हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
क्षेत्र के गांव पलड़ी निवासी ई-रिक्शा चालक शकूर का 10 वर्षीय पुत्र आदिल, अपने चचेरे भाई सात वर्षीय साहिब व पांच वर्षीय सुभान के साथ घर के बाहर खड़े ई-रिक्शा में सवार होकर खेल रहे थे। इसी दौरान पास की दीवार भरभरा कर गिर गई। वहीं, दीवार गिरने से आदिल मलबे में दब गया।
बच्चे की चीख सुन परिजन व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे मलबे में दबे आदिल को बाहर निकाला। इसके बाद कस्बे के एक चिकित्सक के यहां ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके दोनों भाई भी मामूली रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें: Shamli: किशोर की हत्या में बड़ा खुलासा, कुकर्म के बाद गला दबाकर दी थी मौत, पुलिस के सामने फूट-फूटकर रोए आरोपी
प्रधान मोनू सैनी ने पुलिस को हादसे के बारे में जानकारी दी। थानाध्यक्ष विनय शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन से मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: UP: विधायक ने विधानसभा में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के समक्ष उठाया नरभक्षी गुलदार का मुद्दा