UP: वंदेभारत ट्रेन पर पथराव, शीशा टूटा, रेलवे अफसरों में मचा हड़कंप, जानें- कहां हुई ये घटना
Muzaffarnagar News : वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव की सूचना मिलने पर रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद जीआरपी व आरपीएफ टीम ने जांच पड़ताल की।
विस्तार
देहरादून से आनंद विहार जा रही वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन पर खतौली और सकौती स्टेशन के बीच अराजक तत्वों ने पथराव कर दिया। इससे ट्रेन के पिछले हिस्से के कोच का शीशा टूट गया। वहीं, जीआरपी व आरपीएफ टीम ने जांच पड़ताल की।
देहरादून से वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन सोमवार सुबह वाया मुजफ्फरनगर होकर आनंद विहार के लिए जा रही थी। बताया गया कि खतौली से सकौती के बीच कुछ शरारती तत्वों ने ट्रेन के पिछले हिस्से पर पथराव कर दिया। इससे एक कोच का शीशा टूट गया।
ट्रेन में सुरक्षा के मद्देनजर तैनात आरपीएफ कर्मचारियों ने यह सूचना अधिकारियों को दी, तब जीआरपी व आरपीएफ टीम ने जांच पड़ताल शुरू की। मुजफ्फरनगर से जीआरपी व आरपीएफ अधिकारियों ने खतौली रेलवे स्टेशन पर पहुंच कर मामले में जानकारी जुटाई।
जीआरपी के दरोगा संजय यादव ने कहा कि काफी प्रयासों के बाद भी घटना की पुष्टि नहीं हुई है। मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन के कार्यवाहक प्रभारी सुधीर कनोजिया ने जानकारी होने से इनकार किया है। गौरतलब है कि इससे पहले भी मुजफ्फरनगर में इस ट्रेन पर पथराव हो चुका है।
यह भी पढ़ें: Meerut: देहरादून से आनंद विहार जा रही वंदे भारत पर पथराव, शीशा क्षतिग्रस्त, वेस्ट यूपी में यह तीसरी घटना
खतौली स्टेशन मास्टर सचिन सारंग का कहना है कि सुबह 10 बजकर 35 पर वंदेभारत ट्रेन स्टेशन से गुजरी। चालक या गार्ड द्वारा कोई सूचना स्टेशन पर नहीं दी गई है। खतौली क्षेत्र में घटना नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें: Mini Murder Case: कलाई पर राखी बंधवाकर कभी जिसे दिया था रक्षा का वचन, उसी बहन के बेरहमी से भाई ने हर लिए प्राण